Saran Crime: बिहार के सारण जिले में एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में शुक्रवार सुबह शिव चर्चा करने वाले एक पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 37 वर्षीय रवि प्रकाश का खून से लथपथ शव सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास मिला, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतक रवि प्रकाश शिव चर्चा के साथ-साथ धरमासती बाजार में आरती दिखाने का भी काम करते थे। उनकी निर्मम हत्या की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी व्याप्त हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कनपटी में मारी गोली, ईंटों के ढेर के पास मिला शव
शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने सेरूकहा गांव में सड़क किनारे एक शव देखा। पास जाने पर पता चला कि यह रवि प्रकाश का शव है, जिनकी कनपटी में गोली मारी गई थी। उनका शरीर खून से सना हुआ था और शव ईंटों के ढेर के पास पड़ा था। इस हृदय विदारक घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रवि प्रकाश धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनकी हत्या से हर कोई हैरान है। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धार्मिक व्यक्ति की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश
शिव चर्चा करने वाले पुजारी की हत्या से इलाके के लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि एक धार्मिक व्यक्ति की इस तरह से हत्या कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है।
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा हो पाएगा।

















