Bihar Crime News: बिहार के घनश्यामपुर में बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला से हुई झपटमारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद लूटे गए सारे रुपये और सामान बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि, इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाश अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही महिला से झपटमारी, कटिहार से 52,550 रुपये और सामान बरामद; दो आरोपी फरार
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक के सामने महिला से झपटमारी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटी गई नकदी और अन्य सामान बरामद कर लिया है। हालांकि, घटना में शामिल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।


जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पाली गांव निवासी सकीना बानो भारतीय स्टेट बैंक से 52,550 रुपये निकालकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उनके हाथ से झोला झपट लिया और मौके से फरार हो गए। झोले में 52,550 रुपये, मोबाइल, बैंक पासबुक और आधार कार्ड रखे थे।
मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बिरौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस टीम ने कटिहार में छापेमारी कर करण यादव के घर से लूटी गई 52,550 रुपये की नकदी, मोबाइल और बैंक पासबुक बरामद की है।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसडीपीओ ने जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की बात कही।







