Bihar Crime News: आंचल कुमारी दरभंगा।बिहार के दरभंगा – कमतौल थाना क्षेत्र के अहियारी गांव में एक परिवार पर दबंगों ने कहर बरपाया है। घर में घुसकर न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि बेटी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया गया और पिता-पुत्र से हजारों रुपये नकद व सोने के आभूषण लूट लिए गए। पीड़ित चैतू दास ने गांव के ही पांच नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिवार पर कहर: बेटी से दुर्व्यवहार, पिता-पुत्र से लूटपाट
चैतू दास ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव का मुकेश दास पिछले तीन महीने से उनके परिवार को परेशान कर रहा था। इस परेशानी से तंग आकर उन्होंने 10 अक्टूबर को थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसी खुन्नस में 4 नवंबर की शाम करीब पांच बजे मुकेश दास, राम बाबू दास, कारी दास सहित पांच नामजद और सात अज्ञात लोग लाठी, लोहे का रॉड और खंजरनुमा औजारों से लैस होकर जबरन उनके घर में घुस गए।

उस समय घर में चैतू दास की विवाहित पुत्री अकेली मौजूद थी। आरोपियों ने पुत्री के साथ दुर्व्यवहार किया और बेरहमी से पिटाई कर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। अपनी दुकान से घर लौट रहे चैतू दास को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। उनकी जमकर पिटाई की गई, जिससे उनकी नाक जख्मी हो गई और जेब से 10 हजार रुपये नकद लूट लिए गए।
कुछ देर बाद काम से लौटे चैतू दास के पुत्र भगवान दास को भी आरोपियों ने पीटा। मारपीट में भगवान दास का सिर फोड़ दिया गया और उनकी जेब से पांच हजार रुपये नकद के साथ गले से सोने की हनुमानी भी छीन ली गई। चैतू दास ने बताया कि सौभाग्य से उनकी पत्नी घटना के समय घर पर नहीं थीं, वरना वह भी घायल हो जातीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद कमतौल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अवर निरीक्षक नीरज कुमार सिंह को इस मामले की तहकीकात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अब नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है, ताकि इस हिंसक लूटपाट की घटना के दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।







