Arrah Crime: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र स्थित रामडीहरा गांव में दीपावली की रात मातम पसर गया। गाना बजाने के मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दो सगे भाइयों समेत आठ लोगों को बेरहमी से रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना में दोनों सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, एक भाई ने सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। सभी घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में जारी है। वारदात के बाद पूरे रामडीहरा गांव और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश अपनी स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए।
दीपावली की रात मातम में बदली खुशियां
मृतकों की पहचान रामडीहरा गांव निवासी रामनरेश यादव के 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव और 50 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है। ये दोनों सगे भाई थे। घायलों में इसी गांव के राजेश कुमार, उनके पुत्र रितु कुमार, कृष्णा कुमार और रमेश यादव सहित कुल छह लोग शामिल हैं। इस घटना से मृतकों के घर में कोहराम मच गया है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गाना बजाने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात रामडीहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर के समीप ग्रामीण पूजा-अर्चना के बाद गाना बजा रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में धुत करीब दस बदमाश एक स्कॉर्पियो में सवार होकर वहां पहुंचे। उन्होंने आते ही गाड़ी से लोगों को टक्कर मारी और गाना बंद करने को कहने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार सभी बदमाश गाड़ी में बैठ गए। फिर उन्होंने गाड़ी को पीछे ले जाकर तेज रफ्तार से भीड़ पर चढ़ा दिया, जिसमें दिनेश यादव और कमलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई और छह अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
पुलिस कर रही फरार बदमाशों की तलाश
इस जघन्य Arrah Crime के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।







