Bihar Crime: बिहार के नालंदा जिले में अंधविश्वास ने एक व्यक्ति की जान ले ली है. सरमेरा थाना क्षेत्र के परनामा गांव में एक मामूली सी बात पर पड़ोसी ने दूसरे व्यक्ति को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. मृतक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने पड़ोसी से घर से निकलते वक्त पूछ लिया था कि ‘कहां जा रहे हो?’. इस सवाल से भड़के आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे युवक की जान चली गई. इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.

मृतक की पहचान परनामा गांव निवासी स्वर्गीय नरेश मांझी के 36 वर्षीय बेटे सामंत मांझी के रूप में हुई है. हत्या का आरोपी साधु मांझी मृतक का पड़ोसी ही है. परिजनों ने बताया कि साधु मांझी अपनी गाड़ी निकाल रहा था, तभी सामंत मांझी ने सामान्य तौर पर पूछ लिया कि ‘कहां जाना है?’. सामंत का यह सवाल सुनते ही साधु मांझी आगबबूला हो गया. उसने टोका-टोकी को अपशगुन मानते हुए सामंत को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई.
विवाद बढ़ने पर साधु मांझी लाठी लेकर आया और सामंत मांझी पर जानलेवा हमला कर दिया. उसने सामंत को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. सामंत की हालत बिगड़ती देख आरोपी साधु मांझी मौके से फरार हो गया. परिवार के लोग घायल सामंत को लेकर अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. सामंत की मौत होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
अंधविश्वास या पुरानी रंजिश? पुलिस कर रही जांच
स्थानीय लोगों से घटना की सूचना मिलने पर सरमेरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है. मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी साधु मांझी की तलाश में जुट गई है. पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है.
पुलिस की शुरुआती जांच में इस जघन्य हत्या का कारण अंधविश्वास बताया जा रहा है, क्योंकि आरोपी साधु मांझी टोका-टोकी को अशुभ मानता था. हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दोनों के बीच पहले से कोई विवाद चल रहा था. पुलिस ने परिजनों से जांच में सहयोग करने और सही जानकारी देने की अपील की है. पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है. सामंत मांझी की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है.







