Narpatganj News: अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड में महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक उदासीनता और जल संकट के कारण स्थानीय लोगों और व्रतियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्षेत्र की नहरों में पानी नहीं पहुंचने के कारण इस बार घाटों की तैयारी करना और अनुष्ठान करना बेहद कठिन हो गया है। स्थिति यह है कि व्रती और ग्रामीण अपनी व्यवस्था के तहत जमीन में गड्ढे खोदकर पानी जमा करने को मजबूर हैं।

नहरों में पानी न होने से बढ़ी परेशानी
लोक आस्था के इस महापर्व में नदियों, तालाबों और नहरों के घाटों पर सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा की जाती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, हर साल छठ पर्व के दौरान नहरों में पर्याप्त पानी रहता था, जिससे घाटों के निर्माण और पूजा-अर्चना में काफी सुविधा होती थी। लेकिन इस बार नहरें सूखी पड़ी हैं, जिसके चलते लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ रही है।

गड्ढे खोदकर और पोखरों का ले रहे सहारा
पानी की भारी कमी से जूझ रहे ग्रामीण अब खुद ही श्रमदान कर रहे हैं। कई स्थानों पर लोगजमीन में गहरे गड्ढे खोदकर उनमें पानी भर रहे हैं, ताकि अर्घ्य देने के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, कुछ अन्य लोग नजदीकी पोखरों का रुख कर रहे हैं और वहीं पर अपनी पूजा की तैयारियां पूरी करने में जुटे हुए हैं।
प्रशासनिक सुस्ती पर उठ रहे सवाल
त्योहार नजदीक आने के बावजूद नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जनता यह सवाल उठा रही है कि इस बार समय रहते नहरों में पानी क्यों नहीं छोड़ा गया और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देगा। फिलहाल प्रशासनिक सुस्ती के बीच व्रती खुद ही पानी का जुगाड़ करने में लगे हैं।







