Lakhisarai News: लखीसराय जिले के चानन प्रखंड अंतर्गत किऊल नदी के भलुई छठ घाट पर महाव्रत की तैयारियों के बीच स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। नदी का पानी दूसरी दिशा में चले जाने के कारण घाट के समीप पानी की अनुपलब्धता बनी हुई है, जिससे व्रतियों की परेशानी बढ़ सकती है। प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने के कारण मननपुर बाजार छठ पूजा समिति के सदस्यों ने अपने संसाधनों से घाट को दुरुस्त करने का बीड़ा उठाया है।

जेसीबी से सफाई और समतलीकरण का काम
घाट की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए समिति के सदस्यों ने जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया है। इसके जरिए घाट की सफाई, समतलीकरण और जरूरी मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि नदी का पानी मंझवे की ओर बह जाने के कारण घाट के पास पानी नहीं बचा है, जो पूजा और अर्घ्य के दौरान व्रतियों के लिए बड़ी समस्या बन सकता था।

एक किलोमीटर लंबा बांस का पुल तैयार
पानी की इस समस्या से निपटने के लिए समिति ने अनूठी पहल की है। सदस्यों ने नदी के अंदर बांस का एक अस्थायी पुल तैयार किया है। इस बांस के पुल के जरिए करीब एक किलोमीटर की दूरी तय कर पानी तक पहुंचने का सुरक्षित रास्ता बनाया गया है, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की तरफ से कोई पहल नहीं की गई है, इसलिए समिति के सदस्य खुद ही घाट को तैयार करने में जुटे हैं ताकि व्रतियों को परेशानी न हो। – पवन कुमार, अध्यक्ष, मननपुर बाजार छठ पूजा समिति
प्रशासनिक उदासीनता पर जताई नाराजगी
स्थानीय स्तर पर सुविधाओं के अभाव और प्रशासन की खामोशी को लेकर ग्रामीणों और समिति के सदस्यों में नाराजगी देखी जा रही है। समिति का कहना है कि महापर्व जैसे पवित्र अवसर पर भी यदि प्रशासनिक मदद समय पर नहीं मिलती है, तो आमजन को खुद आगे आकर व्यवस्था संभालनी पड़ती है। बहरहाल, समिति के प्रयासों से घाट पर पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।







