Araria news: बिहार के अररिया जिले में अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए रजिस्ट्री ऑफिस के मुंशी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पहुंसी गांव के वार्ड नंबर-2 निवासी बद्री भगत के 45 वर्षीय बेटे अमित भगत के रूप में हुई है, जो अररिया रजिस्ट्री ऑफिस में मुंशी का काम करते थे। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिकअप से टक्कर मारकर कार से खींचा बाहर
घटना शनिवार को कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के पहुंसी-बलचंदा मार्ग पर प्रोजेक्ट हाई स्कूल चौक के पास हुई। अमित भगत अपनी कार से घर से अररिया रजिस्ट्री ऑफिस जा रहे थे। घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप से तीन लोग उतरे और अमित को ड्राइविंग सीट से बाहर खींच लिया। इसके बाद उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दी गईं।

गोलीबारी की इस घटना में अमित भगत गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत कुर्साकांटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पैक्स अध्यक्ष पर हत्या की साजिश का आरोप
परिजनों ने पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक के चचेरे भाई देवेंद्र नाथ भगत के अनुसार, पैक्स अध्यक्ष भी उस पिकअप में मौजूद थे और उन्हीं के इशारे पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार का दावा है कि पुराने विवाद और कथित अवैध संबंध को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। इसके अलावा, हमलावरों पर गले से करीब तीन लाख रुपये की सोने की चेन और कार में रखे जरूरी कागजात लूटकर नेपाल की ओर फरार होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन सभी पहलुओं और आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उधर, अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी तथा पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने की मांग की। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश कर रही है।







