Veerappa Moily: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। दिए गए इस बयान में मोइली ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर केस में अमित शाह के बाद अगला नंबर नरेंद्र मोदी का था, लेकिन कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने मोदी के खिलाफ जांच रुकवा दी।

वीरप्पा मोइली ने कहा है कि सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर केस में अमित शाह जेल गए थे और अगला नंबर नरेंद्र मोदी का था। वीरप्पा मोइली के मुताबिक, कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच रुकवा दी थी और आज सब उसी का नतीजा भुगत रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नरेंद्र मोदी को सत्ता में आने से रोक सकती थी लेकिन पार्टी के ही कुछ नेताओं ने ऐसा होने नहीं दिया।

मोइली के अनुसार, इस आंतरिक दखलअंदाजी के कारण ही कांग्रेस नरेंद्र मोदी को सत्ता में आने से रोक नहीं पाई। उन्होंने सोनिया गांधी की किताब के सिलसिले पर यह बात कही, लेकिन किसी नेता का नाम नहीं लिया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि ऐसा करने वालों में मनमोहन सिंह शामिल नहीं थे। मोइली ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी उस वक्त पार्टी में बदलाव चाहती थीं और इसके लिए एक कमेटी भी बनी थी, लेकिन कुछ नेताओं ने उस रिपोर्ट को लागू नहीं होने दिया, जिससे मोदी के सत्ता में आने का रास्ता साफ हो गया।
‘मोदी को जेल भेजा जाता, कांग्रेस नेताओं ने बचाया’
बिहार समेत पूरे देश की राजनीति में हलचल मचाने वाले इस बयान में वीरप्पा मोइली ने पुरानी घटनाओं को याद करते हुए अमित शाह की गिरफ्तारी का जिक्र किया। उन्होंने उस समय के हालात को विस्तार से बताया:
“तब मैं कानून मंत्री था। अमित शाह को गुजरात से तड़ीपार घोषित किया गया था। उनका केस किसी और राज्य में चलना था। वह जेल जाने वाले पहले व्यक्ति थे। अगला नंबर नरेंद्र मोदी का था। उनको भी जेल भेजा जाता और तड़ीपार घोषित किया जाना था।”
मोइली ने आगे बताया कि उस वक्त अमित शाह गुजरात के गृहमंत्री थे और सोहराबुद्दीन फेक एनकाउंटर केस में उनके खिलाफ जांच चल रही थी। उन्होंने अपनी ही पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “पार्टी में यही समस्या थी। नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच को हमारी ही सरकार ने रोक दिया। ऐसा मनमोहन सिंह के कहने पर नहीं हुआ था। कुछ और नेताओं ने ऐसा करवाया। हम आज भी उसकी वजह से झेल रहे हैं। अगर हमारी ही पार्टी के कुछ नेताओं ने यथास्थिति बरकरार रखने को ना कहा होता तो कांग्रेस मोदी को सत्ता में आने से रोक सकती थी।”
क्या था सोहराबुद्दीन एनकाउंटर केस?
सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर केस 26 नवंबर 2005 का है, जब गुजरात के अहमदाबाद के पास सोहराबुद्दीन शेख की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। आरोप लगे कि यह एक फर्जी एनकाउंटर था। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री और अमित शाह गृहमंत्री थे। सोहराबुद्दीन के भाई की अपील पर सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात पुलिस को इस मामले की जांच का आदेश दिया था, जिसके बाद सीबीआई जांच की सिफारिश की गई।
इसी केस में अमित शाह का नाम भी सामने आया। उन पर सोहराबुद्दीन के अपहरण और हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगा। 25 जुलाई 2010 को उन्हें गिरफ्तार किया गया, हालांकि गिरफ्तारी से पहले उन्होंने गृहमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। अक्तूबर 2010 में उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन जमानत के साथ ही उन्हें गुजरात से तड़ीपार घोषित कर दिया गया। बाद में 2014 में इस केस में उन्हें बरी कर दिया गया था। वीरप्पा मोइली के इस बयान ने दशकों पुराने मामले को एक बार फिर से राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।







