29 सालों बाद बिरौल अनुमंडल कार्यालय और आवास निर्माण को मिली हरी झंडी
उत्तम सेनगुप्ता, बिरौल। पिछले 29 वर्षों से जिस समस्या के निदान के लिए स्थानीय स्तर पर आवाज बुलंद किया जा रहा था। आज उस समस्या का निदान राज्य सरकार की ओर से किया जा रहा है।
बिरौल अनुमंडल का अपना भवन नहीं होने के बावजूद यहां पदस्थापित अधिकारी विभिन्न तरह की परेशानी को झेलते हुए जनता का कार्य करते रहे। लेकिन अधिकारियों का यह परेशानी अब दूर होती नजर आ रही है।
इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिरौल अनुमंडल कार्यालय और आवास निर्माण का हरी झंडी दे दी है। भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के लिए पुराने जर्जर भवन को जल्द हटाने का निर्देश संवेदक मो.जमीदुल को दिया गया है।
संवेदक ने देशज टाइम्स को बताया कि जिस स्थल से पुराने जर्जर भवन हटाया गया है उस स्थल पर सर्वप्रथम अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों का आवास निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा। इसके युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, तीन दशक बाद भवनहींन अनुमंडल का अपना भवन उपलब्ध होने की उम्मीद अब प्रबल हो गई है। कार्यालय व आवासीय भवन निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
5 जुलाई 1995 में अनुमंडल कार्यालय की स्थापना हुई थी। भवन के अभाव में तत्कालीन बने उपकोषागार भवन में कार्यलय का संचालन किया गया। इसके बाद भवन जर्जर होने पर प्रखंड के सामुदायिक भवन में कार्यालय लाया गया।
इस बीच कई बार अलग-अलग भूमि का चयन कर अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजा गया लेकिन विभागीय अड़ंगा लगने के कारण कार्यालय निर्माण के लिए भूमि स्वीकृत नहीं हो पाई। अन्तत: प्रखंड मुख्यालय के अगले हिस्सा के तीन एकड़ भूमि का प्रस्ताव भेजा गया। इसपर सरकार ने स्वीकृति देकर भवन निर्माण का आदेश दिया है।
बता दें कि पिछले अगस्त में ही भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता के साथ अंचल कर्मी प्रस्तावित भूमि का सीमांकन कर कार्य शुरू करने की प्रक्रिया में लग गए थे।
प्रखंड मुख्यालय स्थित पुरानी भवन से लेकर एसडीपीओ कार्यालय, रिकार्ड रूम के भवन के पश्चिमी सीमा के अंदर, निर्माणाधीन न्यायलय भवन के सड़क तक तीन एकड़ भूमि का भेजा गया प्रस्ताव स्वीकृत कर विभाग की ओर से भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इसमें 9 करोड़ की लागत से तीन मंजिला कार्यालय भवन का निर्माण होगा।
इसके अतिरिक्त 70 लाख की लागत से अधिकारीयों व कर्मियों के लिए आवासीय भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फोटो। पुराने भवन के मलवा को हटवाते भवन निर्माण के संवेदक।