दरभंगा,देशज टाइम्स ब्यूरो। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित की गई। सर्वप्रथम लोक शिकायत के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अनुपालन के लिए लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया कि इन मामलों का त्वरित निष्पादन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अनुमण्डल लोक शिकायत, बिरौल में श्रम अधीक्षक, थानाध्यक्ष तथा अंचलाधिकारी, बिरौल की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण का निर्देश दिया गया। आरटीपीएस पर राशन कार्ड के कालबाधित मामलों को शून्य करने का निर्देश जिलाधिकारी ने सभी संबंधित को दिया। राशन कार्ड के पीडीएफ निर्गत करने में शून्य उपलब्धि के कारण प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, हनुमाननगर को स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया। सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता को अंचलाधिकारियों की समीक्षा करते हुए ऑन-लाइन एलपीसी व म्यूटेंशन को अपलोड कराने का निर्देश दिया। आर्थिक हल युवाओं को बल निश्चय योजना के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक प्रखंड में माह-जनवरी 2019 से मार्च 2019 तक दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना,बिहार स्टूडेंड क्रेडिट कार्ड योजना व कुशल युवा कार्यक्रम के लिए आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर प्रखंड मुख्यालय के कुशल युवा केंद्र पर आवेदन भी करवाना है। इस के लिए सभी प्रखण्ड स्तरीय कर्मी-आवास सहायक, विकास मित्र इत्यादि को लक्ष्य दें। जनप्रतिनिधियों को भी जानकारी दें ताकि इस जागरूकता शिविर में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त हो सके। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकरी ने निर्देश दिया कि सभी चयनित आवेदकों को चयन पत्र बाँटे तथा प्रथम फेज में जितने आवेदन प्राप्त हुए है, उनमें स्वीकृत आवेदकों को भुगतान के लिए राशि की निकासी सुनिश्चित करें। किरतपुर, कुशेश्वरस्थान, जाले, घनश्यामपुर तथा गौड़ाबौराम में 32-38 आवेदनों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा सभी प्रखंडों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक आवेदकों को इस योजना का लाभ दिलाएं। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. सिंह ने निर्देश दिया कि जिन शौचालयों के लिए 02 से 03 आवेदकों की ओर से संयुक्त रूप से शौचालय उपयोग करने का निर्णय लिया गया है, उन सभी शौचालयों का निर्माण सुनिश्चित करते हुए आवेदनों का 
यथाशीघ्र निष्पादन करें। चूंकि शौचालय निर्माण का भुगतान जियो टैगिंग के आधार पर किया जाता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जियो टैगिंग करने वालों की संख्या बढ़ाएं। उन्हें प्रशिक्षित करें। उनका ससमय भुगतान करें। शौचालय निर्माण के भुगतान के लिए बैंक खाता अपडेट की निराशाजनक स्थिति पर किरतपुर, कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, मनीगाछी तथा अलीनगर के प्रखण्ड स्वच्छता समन्वयक को स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। सत्यापित लाभुकों के भुगतान नहीं किए जाने पर कुशेश्वरस्थान पूर्वी के प्रखंड समन्वयक के एक सप्ताह के वेतन की कटौती व मनीगाछी के प्रखण्ड समन्वयक के पंद्रह दिन की वेतन कटौती का निदेश दिया। बहेड़ी में कार्य में प्रगति नहीं होने के कारण बहेड़ी के स्वच्छता कार्यपालक सहायक को बहेड़ी से हटाने का निर्देश दिया। नल जल योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अस्सी प्रतिशत वार्ड क्रियान्वयन व प्रबंधन समिति का बैंक खाता एक सप्ताह के अन्दर खुलवाना सुनिश्चित करें,अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होनें कहा कि कम से कम प्रत्येक पंचायत में 02 नल जल योजना की पूर्णत का लक्ष्य इस माह प्राप्त करें। पहले नल जल की योजना पूर्ण करे, फिर गली-नाली की योजना लेकर पूर्ण करें। अगर राशि का अभाव है, तो अधियाचना भेजें। सभी सहभागियों की बैठक बुलाएं एवं योजना का सघन अनुश्रवण करें। बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुधन कामती, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा-सह-जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी रवि शंकर तिवारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।








You must be logged in to post a comment.