छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है। बिलासपुर में भी एक 13 साल की बच्ची हैवानियत की शिकार हुई है। दोनों मामले के आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार पत्थलगांव में दो नाबालिग बच्चियों का पहले अपहरण किया गया ,उसके बाद सुनसान इलाके में ले जाकर दरिंदगी की घटना को अंजाम दिया। मामले की शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस ने आज दो आरोपितों को धर दबोचा है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे। कोतबा थाना पुलिस ने ओड़िशा के संबलपुर से आरोपितों को पकड़ा है। दोनों से अभी पूछताछ चल रही है। पुलिस ने नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म मामले में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि इस घटना से दोनों बच्चियों को चोटें आई है। दोनों का इलाज जारी है।
बिलासपुर में भी एक 13 साल की बच्ची दरिंदगी की शिकार हो गई है। जानकारी के अनुसार पीड़ित बच्ची सांई मंदिर दर्शन के लिए गई थी। वहीं घर लौटने के दौरान बदमाशों ने बच्ची का अपहरण कर लिया। फिर सूनसान जगह में उसके साथ हैवानियत की। इस घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने चार आरोपितों को देर रात गिरफ्तार किया है। पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।