बेनीपुर, देशज टाइम्स ब्यूरो। नगर परिषद की ओर से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं में कथित अनियमितता की जांच को लेकर स्थानीय क्षेत्र विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य अभियंता ने विभिन्न योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता आशीष रंजन दास उर्फ वीपी सिंह ने पिछले कई माह से नगर परिषद की ओर से संचालित योजनाओं में व्यापक अनियमितता की शिकायत विभिन्न स्तरों पर करते आ रहे हैं। इसकी विस्तृत जांच के लिए जिला पदाधिकारी की ओर से त्रिस्तरीय समिति बनाई गई।
इसमें अनुमंडल पदाधिकारी बेनीपुर, भूमि सुधार उप समाहर्ता बेनीपुर एवं स्थानीय क्षेत्र विकास विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता को जांच की जिम्मेवारी दी गई थी।
उक्त निर्देश के आलोक में आज तकनीकी जांच के लिए कार्यपालक अभियंता राजेंद्र प्रसाद सहित कई सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंताओं ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश झा एवं शिकायतकर्ता आशीष रंजन दास के साथ नगर परिषद क्षेत्र के बेनीपुर आशापुर, मझोरा एवं बहेड़ा के सड़क निर्माण एवं नाला निर्माण का स्थल निरीक्षण किया।
लेकिन, योजनाओं की बहुतायत होने के कारण सभी योजनाओं की जांच संभव नहीं हो सकी। आगे यह जांच जारी रहेगी। इस संबंध में पूछने पर स्थानीय क्षेत्रीय विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर लिया गया है। अभिलेखों का सत्यापन किया जाना बाकी है। इसके बाद विस्तृत प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को समर्पित किया जाएगा।








You must be logged in to post a comment.