
फोटो देशज टाइम्स कैप्शन: बेनीपट्टी के परकौली में कैंप में सुनवाई करते एसडीएम, बीडीओ, सीओ और अन्य
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा के निर्देश पर बेनीपट्टी के परकौली पंचायत भवन परिसर में प्रखंड के प्रभारी पदाधिकारी सह एसडीएम अशोक कुमार मंडल के पर्यवेक्षण में जन शिकायतों की सुनवाई कर ऑन स्पॉट मामले का निष्पादन किया गया।
कैंप में नल का जल, नली गली, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, विद्यालय, राशन एवं अतिक्रमण संबंधी दर्जनों परिवादों की सुनवाई की गयी। साथ ही जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई की गई। कैंप में पीएम आवास से जुड़े दर्जनों मामलों की सुनवाई की गयी।
इसमें जांच के बाद सात मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं पंचायती राज विभाग के कई मामलों की सुनवाई की गयी, जिसमें तीन मामलों का निष्पादन किया गया। वार्ड पांच में तालाब किनारे बनी सड़क के 15 फीट में टूट जाने, वार्ड 10 में हुए जलजमाव की निकासी और वार्ड 1 में निर्माण के दौरान उत्पन्न हुए विवाद के कारण अधूरे छोड़े गए सड़क को पूर्ण कराने के मामले शामिल हैं। वहीं राजस्व विभाग से जुड़े एक अतिक्रमण वाद की सुनवाई की गयी।
इसमें पर्चे की जमीन और स्कूल के जमीन पर अतिक्रमण की सुनवाई की गयी। जहां सीओ और आरओ ने स्थल पर पहुंच जायजा लिया और अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़े दर्जनों मामलों की सुनवाई भी गयी। साथ ही स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारियों ने बताया कि सुनवाई, कार्रवाई और निष्पादन से संबंधित रिपोर्ट डीएम को भेजी जायेगी। इस अवसर पर एसडीएम के अलावा बीडीओ रवि रंजन, सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता, बीपीआरओ गौतम आनंद, राजस्व अधिकारी पूजा कुमारी, बीसीओ संजीत कुमार, एमओ, मनरेगा पीओ जितेंद्र कुमार, बीएओ, बीईओ सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।


