मधुबनी, खबरयुग। बासोपट्टी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की अलग–अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है। दोनों ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है। वहीं मौके से चालक फरार गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम व हंगामा भी किया। बासोपट्टी बाजार के बस स्टैंड के निकट सीमेंट लदी ट्रैक्टर की ठोकर लगने से मानापट्टी के शंभु यादव की पत्नी प्रमिला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं इनकी पुत्री जख्मी है। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाया।
वहीं, चनान गांव में शिव मंदिर के निकट ट्रैक्टर ने तीन लड़की को ठोकर मार दी। इसमें बिरौल के श्याम पासवान की पुत्री बारह वर्षीय सीमा कुमारी की मौत पीएचसी बासोपट्टी में इलाज के दौरान हो गई। वह अपने ननिहाल में महाशिवरात्रि का मेला देखने अपने सहेलियों के साथ आई थी। एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने तीनों को रौंद डाला। जख्मी दो लड़कियों का इलाज पीएचसी बासोपट्टी में चल रहा है। थानाध्यक्ष अमृत कुमार साह ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।








You must be logged in to post a comment.