कुशेश्वरस्थान, देशज टाइम्स। कुशेश्वरस्थान-बिरौल मुख्य मार्ग में हिरणी चांदनी चौक के निकट मंगलवार को दरभंगा केसरी बस सड़क किनारे गडढ़े में पलट जाने से दस यात्री जख्मी हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीआर7पी 2535 नंबर की दरभंगा केसरी बस सुपौल से कुशेश्वरस्थान तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान बस से चालक का नियंत्रण हट गया जिससे चांदनी चौक से पश्चिम डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर बस सड़क से करीब पंद्रह फीट नीचे गड्ढ़े में पलट गई।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए पीएचसी सतीघाट लाया गया, जहां से तीन गंभीर लोगों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जख्मियों में लगमा के उमेश सदा 32 वर्ष, उनकी पत्नी गीता देवी 25 वर्ष व दो बच्चे रामानंद सदा दस वर्ष, लक्ष्मण सदा आठ वर्ष के के अलावे पिपरा के अशोक कुमार बीस वर्ष, गनौर के मकसूदन राम 65 वर्ष, ग्यासपुर के रामप्रकाश यादव 65 वर्ष, महरा के विषुनदेव यादव 62 वर्ष, कुशेश्वरस्थान की मीना कुमारी 34 वर्ष व कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के नाजिर पप्पू कुमार 38 वर्ष घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना के बाद स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने लगा। इधर सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को पीएचसी सतीघाट पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार कर गम्भीर रूप से घायल रामप्रकाश यादव, मकसूदन राम तथा अशोक कुमार को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। दुर्घटनाग्रस्त बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। चालक व खलासी भागने में सफल रहे।
बस पर पचीस से अधिक लोग सवार थे। चालक बहुत काफी तेज गाड़ी चला रहा था जिससे यह दुर्घटना हुई। वहीं कई स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग में दरभंगा केसरी बस का एकक्षत्र राज है। इसके कारण इसके चालक व संवाहक मनमानी करते हैं। लोगों ने बताया कि कई बार इस मार्ग में दरभंगा केसरी से सड़क दुर्घटना हो चुकी है। जिसमें कई लोगों की मौत भी हुई। थानाध्यक्ष मनीश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले को लेकर फरार चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। 








You must be logged in to post a comment.