दरभंगा, देशज टाइम्स। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के लाभार्थियों से अवैध वसूली करने की शिकायतें मिलने के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन ने कई प्रखंडों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। शुक्रवार को डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम एसडीओ सदर व बीडीओ की संयुक्त रूप से प्रखंड समन्वयक सिंहवाड़ा के लहेरियासराय स्थित अवैध कार्यालय में छापेमारी की गई। छापेमारी में दो लेपटॉप,कई पंचायतों के लाभार्थियों के आवेदन, चेकबुक, पासबुक जब्त किया गया। प्रखंड समन्वयक के कार्यालय से जब्त कागजातों के अवलोकन था। से प्रथम दृष्टया लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के लाभार्थियों से प्रति लाभार्थी दो-दो हजार की वसूली किए जाने का प्रमाण प्रशासन के हाथ लगे हैं। जांच में यह पाया गया कि प्रखंड समन्वयक सिंहवाड़ा की ओर से लहेरियासराय में अवैध रूप से कार्यालय चलाया जा रहा था। जिला पदाधिकारी के आदेश से उक्त कार्यालय, सभी कागजात व सामानों को सील कर दिया गया है।
जिलाधिकारी की ओर से प्रखंड समन्वयक पर थाने में धोखाधड़ी, भष्टाचार, गैर-कानूनी कार्य में लिप्त रहने के सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश संबंधित बीडीओ को दिया गया। वहीं उक्त प्रखंड समन्वयक को सेवामुक्त करने का आदेश डीडीसी को दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ. एसएम ने बताया कि ऐसी आशंका है कि अन्य समन्वयकों की ओर से भी धोखाधड़ी कर लाभार्थियों से अवैध वसूली किए जा रहे होंगे। इस बावत अन्य प्रखंडों में जांच की कार्रवाई कर धोखाधड़ी में लिप्त कर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई करने के लिए डीडीसी, सदर एसडीपीओ, एसडीओ व बीडीओ को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध कार्यों में लिप्त कर्मियों को अभियान चलाकर धड़-पकड़ की जाएगी व उन्हें जेल भेजा जाएगा।








You must be logged in to post a comment.