बगल में थाना, पीड़ित समेत ग्रामीणों ने किया थाना प्रभारी को फोन मगर किसी ने नहीं सुनी बात
मधुबनी, खबरयुग। लौकही में रविवार अहले सुबह करीब तीन बजे प्रखंड के महादेवमंठ पंचायत के वार्ड ग्यारह में रामअवतार मंडल के पुत्र लक्ष्मीकांत मंडल के घर में अचानक आग लग गई। बताया जाता है कि बिजली शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में लाखों की संपति जलकर राख हो गई। घर के बाहर गाय, बछड़ा, बकरी, बकरी का बच्चा भी झुलस कर मर गए। वहीं, एक गाय बुरी तरह झुलस कर जख्मी है।आग की लपेट देखकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मुश्किल से आग पर किसी तरह काबू पाया, हालांकि अहले सुबह का समय होने के कारण अधिकांश लोग घरों में सोए थे, लेकिन अचानक आग लगने की जानकारी पर पूरे इलाके में धीरे-धीरे कोहराम मच गया।
किसी तरह लोगों ने जागकर आग पर काबू पाया लेकिन तबतब सबकुछ खाक हो चुका था। अनाज, कपड़ा, पंपसेट व मोटरसाइकिल भी जलकर राख हो गई। हालांकि ग्रामीणों समेत पीड़ित लक्ष्मीकांत मंडल में आक्रोश है। इनका कहना है कि बगल में थाना होने व वहां आग बुझाने के सामान होने के बाद भी किसी पुलिस अधिकारी ने उनकी मदद नहीं की। थाना को फोन भी किया मगर, किसी ने फोन नहीं उठाया। बाद में अंधरामठ थाना अध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए सरकारी सहायता पहुंचाने की बात कही है।








You must be logged in to post a comment.