मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को भामाशाह की जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह में उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम के पश्चात सासाराम में भाजपा नेता की गिरफ्तारी को लेकर पत्रकारों के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी पर कोई आरोप लगता है तो पुलिस उसकी जांच करती है। जांच में जो दोषी पाया जाता है उस पर कार्रवाई होती है।
इसपर बीजेपी के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी ने नीतीश सरकार को आडे़ हाथों लिया। बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने जमकर हमला बोला। क्या कहा यह बाद में पहले पढ़िए सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा…
सीएम ने कहा कि आज तक हमने इस सब चीजों में कभी हस्तक्षेप नहीं किया है। बिहार में जहां कहीं भी घटना होती है तो उसकी बारीकी से जांच होती है। जिन दो जगहों पर घटनाएं हुई है, वहां पर कड़ी कार्रवाई की गई है।
घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे तौर पर सतर्क रहता है। घटना में कोई भी अगर दोषी पाया जायेगा तो चाहे वह किसी दल का हो, उस पर कार्रवाई होगी। किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा के नेता क्या बोलते हैं उस पर मैं ध्यान नहीं देता। उससे हमें कोई मतलब नहीं है।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से हुई मुलाकात के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी तबीयत खराब थी। दिल्ली में भी हमने उनसे मुलाकात की थी। अब यहां आये हैं तो हमारी उनसे मुलाकात हुई है।
बिहार में विपक्षी एकता को लेकर बैठक करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग सभी नेताओं के साथ मिलकर बातचीत कर रहे हैं। अभी कुछ और लोगों से बातचीत होनी है। इसके बाद तय हो जायेगा कि कहां पर बैठक होगी।
नीतीश ने कहा कि बहुत लोगों की राय है कि बैठक पटना में होनी चाहिए। सभी लोगों की राय से यह सब तय होगा। सभी लोग अगर चाहेंगे तो बिहार में जरूर बैठक होगी।
अभी एक राज्य में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। कई दल उस चुनाव में लगे हैं। चुनाव के बाद यह सब होगा। बिहार में सभी पार्टियों के साथ मीटिंग होगी तो यह खुशी की बात होगी। जो भी होगा वह सभी लोगों की राय से ही होगा।
अब पढ़िए रवि शंकर प्रसाद ने क्या कहा, सासाराम में बीजेपी के पूर्व विधायक की गिरफ्तारी पर नीतीश सरकार (Nitish Kumar) पर हमला बोलते कहा कि एक महीने बाद गिरफ्तारी का क्या मतलब बनता है? मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमें फंसा रहे हैं।
वहीं, सीएम नीतीश कुमार की विपक्षी एकता मुहिम को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि देश आजाद है। हर किसी को हर जगह जाने का अधिकार है।
नीतीश कुमार दौरा पर जाना चाहते हैं तो जा सकते हैं लेकिन पीएम पद के लिए 2024 में कोई वैकेंसी नहीं है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने जो काम किया है उस पर लोगों ने उन्हें आशीर्वाद दिया है और आगे भी मिलेगा। अब यह देश स्थायी सरकार को पसंद करता है।

















