दरभंगा, देशज टाइम्स। पुलवामा में सुरक्षाबलों पर हमले के खिलाफ शुक्रवार को आइसा-इनौस ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता आइसा जिला अध्यक्ष प्रिंस राज व इनौस जिला अध्यक्ष केशरी कुमार यादव ने संयुक्त रुप से करते हुए हमले की तीखी निंदा की। श्रद्धांजलि सभा में शहीद जवानों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दिए जाने के अलावा घटना को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। सभा में वक्ताओं ने पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि हम इस दुख व शोक की घड़ी में उनके शोकसंतप्त परिजनों के साथ हैं और घायल जवानों के स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि इस हमले ने एक बार फिर मोदी सरकार की कश्मीर नीति की विफलता को नंगा किया है। कश्मीर के हालात व पाकिस्तान के साथ संबंधों में सुधार के गंभीर राजनीतिक प्रयासों के अभाव में सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में सैन्यवादी प्रचार, दिखावा व खोखला ही साबित होने वाला है। उन्होंने कहा कि सरकार की बड़ी चूक के कारण यह बड़ा हादसा हुआ है। इसकी जिम्मेदारी मोदी सरकार को लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में इनौस जिला सचिव गजेंद्र नारायण शर्मा, आइसा जिला सचिव विशाल मांझी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मयंक कुमार यादव, रंजीत राम, उज्जवल कुमार, राजीव गिरी, अशोक कुमार यादव, राहुल राज, रंजीत यादव समेत दर्जनों लोग शामिल थे।








You must be logged in to post a comment.