
दरभंगा, देशज टाइम्स। जिला स्वीप आइकॉन मणिकांत झा व ज़िला बाल संरक्षण इकाई रविशंकर तिवारी की अगुवाई में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बहेटा, केवटी में सोमवार को मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ महेश
चंद्र व सह अध्यक्षता अंचलाधिकारी अजीत कुमार झा ने की। मंच संचालन माध्यमिक शिक्षिका सुषमा झा ने किया। मंच पर 86-केवटी विधान सभा क्षेत्र के सहायक निर्वाची पदाधिकारी पुष्पेश कुमार,स्वीप कोषांग की नोडल पदाधिकारी संध्या सुरभि, सहायक निदेशक,
ज़िला बाल संरक्षण इकाई रविशंकर तिवारी, ज़िला प्रोग्राम पदाधिकारी,सर्व शिक्षा अभियान,संजय कुमार देव ‘कन्हैया’, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कृष्ण कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी,प्रभाकर कुमार झा, प्रधानाध्यापक रेणु चौधरी उपस्थित थे। सर्वप्रथम स्वीप
आइकॉन के साथ सभी मंचासीन पदाधिकारियों का पाग चादर देकर अभिवादन किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मौके पर बीडीओ ने स्वीप आइकॉन मणिकांत झा का अभिवादन किया। उपस्थित मतदाताओं से अनुरोध किया कि एक भी मत व्यर्थ न जानें दें, जैसे होली,दीवाली, ईद मनाने में पूरी तन्मयता से लग जाते हैं, उसी तन्मयता से लोकतंत्र
के इस महापर्व को पूरे उत्साह से मनाएं। सहायक निदेशक रविशंकर तिवारी ने कहा कि बिना किसी प्रलोभन के जाति, धर्म से ऊपर उठकर ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो आपके निर्णय में सर्वोपरि हो। किसी के दवाब में न पड़ें। लोकतंत्र में सभी के मत की ताकत बराबर
होती है। एक मत से जीत-हार के भी उदाहरण दिए और कहा कि अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुनने के लिए मधुबनी लोक सभा क्षेत्र के लिए 6 मई को अवश्य मतदान करें। केवटी विधान सभा क्षेत्र मधुबनी लोकसभा का हिस्सा है। दरभंगा लोक सभा क्षेत्र के लिए
मतदान 29 अप्रैल को किया जाएगा। संध्या सुरभि ने कहा कि आपने किसे मत दिया है उसकी जानकारी वी वी पैट मशीन पर 7 सेकंड्स के लिए दिखाई देती है। आप सभी, अपने सारे काम छोड़कर निर्धारित तिथि को मतदान अवश्य करें। स्वीप आइकॉन मणिकांत झा ने
कहा मैथिली गीतों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि बच्चे उस दिन ये संकल्प लें कि अपने परिवार के सदस्यों को मतदान केंद्र पर भेजें, उन्हें कहें कि पहले मतदान करें फिर भोजन करें। चाहे कोई भी परिस्थिति हो, इस
महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करें। यह त्योहार पांच साल में एक बार आता है, इसका महत्व अन्य सभी त्योहारों से ऊपर है। देश हित मे अपने सम्मान के लिए मतदान करें। उन्होंने इतने अच्छे आयोजन के लिए प्रधानाध्यापक नवल किशोर का भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सभी मतदाताओं से कहा कि हम सभी की मेहनत तब सफल होगी जब शत प्रतिशत मतदाता मतदान करेंगे। पुष्पेश कुमार ने कहा हमारे ज़िले का मत प्रतिशत बहुत कम है, इसलिए मतदाताओं को अपने उत्तरदायित्व का अहसास दिलाने के लिए ऐसे कार्यक्रम
आयोजित किये जाते हैं। अगर आप मतदान नहीं करेंगे तो आप सरकार चुनने में अपनी भूमिका नही निभाएंगे, फिर चुनी हुई सरकार से प्रश्न करके कोई फ़ायदा नहीं। इसलिए अपने पसंद की सरकार चुनने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। स्कूली बच्चों की ओर से
भी निर्वाचन से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर, नुक्कड़ नाटक तथा गीतों के माध्यम से उपस्थित मतदाताओं को जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में अन्य विद्यालय से भी बच्चे, शिक्षक, प्रधानाध्यापक समेत ग्रामीण मौजूद थे।








You must be logged in to post a comment.