कुशेश्वरस्थान, देशज टाइम्स। आग ने बुधवार को कोहराम मचा दिया। एक साथ सौ घर राख हो गए। घटना पूर्वी प्रखंड क्षेत्र के सुगराईन पंचायत के बघमारा गांव में घटी। यहां बुधवार की दोपहर चिंगारी से लगी आग ने सौ घरों को खाक कर दिया। पचास लाख की संपत्ति लील ली। आग में आटा चक्की, ट्रैक्टर टेलर समेत अन्य घरेलू उपकण व सामान जल गए। तीन गायों की मौत हो गई। वहीं आग को थामने की कोशिश में शिवशंकर यादव, रामभजन यादव, अर्जुन यादव भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया जाता है कि आग लगने के बाद घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर के विस्फोट से स्थिति बिगड़ गई। ग्रामीणों ने नदी में पंपिंग सेट लगाकर आग पर काबू पाया। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। बीडीओ अशोक कुमार जिज्ञासु व सीओ ओमप्रकाश गुप्ता दल बल बीएओ संजय सिन्हा, राजस्व कर्मचारी बिलट राम, शशि रंजन राय, रामाशीष राय, दिलीप पोद्दार के साथ मौके पर पहुंचे। पूरी टीम के साथ पहुंचकर मुआयना किया। आग से हुई क्षति का आकलन चल रहा है।
सीओ श्री गुप्ता ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के लिए ढाई किलो चूड़ा, गुड़ के साथ पालीथिन, 9800 रुपए सीधे बैंक खाते में लाभुक को दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, उमेश चौपाल के घर के पीछे राख से चिंगारी उठी। देखते ही देखते आग के बारे में जब तक लोग कुछ समझ पाते इंदल चौपाल, शंकर चौपाल सहित कई घर खाक हो चुका था। देखते ही देखते गैस सिलेंडर के विस्फोटों से कुछ ही मिनटों में लगभग सौ घर जलकर राख हो गए। इसमें फूस की झोपड़ी, एस्बेस्टस, खपरैल व ईंट के मकान शामिल है। आग में वरुण चौपाल, उमेश चौपाल, शंकर शर्मा की तीन गाय झुलस कर मर गई। सत्यनारायण शर्मा व नारायण शर्मा की आटा चक्की मशीन, ट्रैक्टर, टेलर जलकर राख हो गई।







You must be logged in to post a comment.