दरभंगा, देशज टाइम्स। जिला स्वीप आइकॉन मणिकांत झा व ज़िला बाल संरक्षण इकाई रविशंकर तिवारी की अगुवाई में मध्य विद्यालय, बलौर, मनीगाछी में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन गुरुवार को किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने की। मंच संचालन माध्यमिक शिक्षिका सुषमा झा ने किया। मंच पर 82-दरभंगा ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र के सहायक निर्वाची पदाधिकारी,वीरेंद्र नारायण पांडेय, सहायक निदेशक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कृष्ण कुमार, रेणु चौधरी उपस्थित थे। सर्वप्रथम स्वीप आइकॉन के साथ सभी मंचासीन पदाधिकारियों का पाग चादर देकर अभिवादन किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
ज़िला मतदाता आईकॉन व मैथिली के गीतकार मणिकांत झा ने कहा कि पूरे देश में चुनाव को महात्यौहार के रुप में मनाया जा रहा है इसलिए हम मिथिलावासियों को भी इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने दरभंगा जिले में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए सभी मतदाताओं को मतदान के दिन अपने सभी कार्यों को छोड़कर सर्वप्रथम मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मणिकांत झा ने मतदाता जागरूकता के स्वरचित गीतों को गाकर उपस्थित मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आपने किसे मत दिया है उसकी जानकारी वी वी पैट मशीन पर सात सेकंड्स के लिए दिखाई देती है। इस मशीन में आपको उनका क्रमांक, चुनाव चिन्ह तथा नाम दिखाई देगा। इससे कोई संदेह नहीं रहेगा।
आप सभी, अपने सारे काम छोड़कर निर्धारित तिथि को मतदान अवश्य करें। उन्होंने बच्चों से कुछ प्रश्न भी किए जिसका उत्तर बच्चों की ओर से दिया गया। बच्चों से कहा कि अपने माता-पिता, परिवार,आस- पड़ोस तथा सगे-संबंधियों में जितने भी मतदाता हैं सभी को 29 अप्रैल को अपने बूथ पर जाकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। सहायक निदेशक, रविशंकर तिवारी ने कहा कि 100 में से मात्र 40-45 मतदाताओं का मतदान करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार 100 में से केवल 20-25 का मत पाकर कोई आपका प्रतिनिधित्व कर सकता है। ऐसे अधिकार की उपेक्षा कर आप अपने सम्मान की उपेक्षा करते हैं। इसलिए ये आयोजन किया गया है ताकि आप अपने और अपने सभी संबंधियों के मताधिकार के प्रयोग के लिए जागरूक हों।
कई चुनावों में देखा गया है कि एक मत से बड़े बड़े दिग्गज नेताओं की हार हुई है। अगर आप अपने पसंदीदा उम्मीदवार को विजयी देखना चाहते हैं तो मतदान अवश्य करें। जाति, धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में सबसे अच्छा उम्मीदवार चुनें। ज़िला भू अर्जन पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाची पदाधिकारी वीरेंद्र नारायण पांडेय ने कहा कि जैसे पूरे हर्षोल्लास से छठ, दीवाली, ईद मनाई जाती है उसी प्रकार लोकतंत्र के इस महापर्व को मनाएं। निर्वाचन आयोग के निदेशानुसार सभी बूथ पर पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, यथासंभव शेड की व्यवस्था की गई है। अठारह वर्ष से ऊपर के सभी मतदाताओं को जोड़ने का कार्य किया गया है। आप सभी बढ़ चढ़कर मतदान करें ताकि पूरे दरभंगा ज़िले का मत प्रतिशत पचपन से बढ़कर 70 तक पहुंचे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वीप आइकॉन मणिकांत झा का अभिवादन किया। सभी उपस्थित मतदाताओं से अनुरोध किया कि एक एक मत की ताकत समझें। एक मत से सरकार गिर सकती है। दोबारा चुनाव की स्थिति आ सकती है। हम जिनके हाथों में अपने क्षेत्र की बागडोर सौंपते हैं वो हमारे भविष्य का निर्माण करते हैं। इसलिए ये जरूरी है कि हम सोच समझकर, बिना किसी प्रलोभन के अपना मत डालें, मत अवश्य डालें। स्कूली बच्चों द्वारा भी निर्वाचन से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर, नुक्कड़ नाटक तथा गीतों के माध्यम से उपस्थित मतदाताओं को जागरूक किया गया। कई बच्चों ने भाषण के जरिये अपने ज्ञान से सभी को अभिभूत किया। स्वीप आइकॉन व मंचासीन पदाधिकारियों की ओर से बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए नैनमणि पुस्तक तथा एक कलम दिया गया। इस कार्यक्रम में अन्य विद्यालय से भी बच्चे, शिक्षक, प्रधानाध्यापक समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।








You must be logged in to post a comment.