दरभंगा, देशज टाइम्स। बिहार राज्य मध्यान्ह भोजन रसोइया संघर्ष समिति के आह्वान पर सात जनवरी से चौदह सूत्री मांगों को लेकर रसोइयों की जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के 36वें दिन बिहार विधान सभा घेराव के समर्थन में बिहार राज्य विद्यालय रसोइया संघ ऐक्टू संघ से जुड़े जिले के सैकड़ों रसोइयों ने मंगलवार को जिला शिक्षा कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। रसोइया संघ के जिला संयोजक पप्पू पासवान, सुरेंद्र पासवान, संतरा देवी के नेतृत्व में पोलो मैदान से जुलूस निकला। समहारण्याल होते हुए लहेरिया सराय टावर, जिला शिक्षा पदाधिकारी गेट पर पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। नीतीश -मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। रसोइया कर्मी बारह सौ में दम नहीं,अठारह हज़ार से कम नहीं समेत अन्य नारे लगाए।
मौके पर सभा की अध्यक्षता रसोइया संघ के जिला सह संयोजक सुरेंद्र पासवान, एक्टू जिला सचिव मिथिलेश्वर सिंह ने करते हुए नीतीश-मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। वहीं, रसोइया संघ के संयोजक पप्पू पासवान ने नीतीश सरकार से स्थायी काम के लिए स्थायी वेतन व सुविधा रसोइयों के लिए लागू करने की बात कही। कहा, अगर हमारी मांगों पर सम्मानजनक वार्ता नहीं होता है तब आगे और आंदोलन उग्र किया जाएगा। सभा को सुरेंद्र पासवान, पूनम देवी, विश्वनाथ यादव, अनिता देवी, मंजू देवी, फूलो देवी, मनोज मंडल, क्रांति देवी, मालती देवी, शीला देवी, शकुंतला देवी, आइसा जिला अध्यक्ष प्रिंस राज, सिया सरन पासवान ने भी संबोधित किया। मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद थे। सभा से पटना में रसोइया संघ के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर नीतीश सरकार की ओर से कराए गए लाठी चार्ज की निंदा की गई।








You must be logged in to post a comment.