दरभंगा, देशज टाइम्स। दरभंगा के विद्यापति एयरपोर्ट से उड़ान भरने को हम धीरे-धीरे पूरी तरह तैयार हो रहे हैं। हमारी योजनाएं अब और बलबती होगी जब स्पाइस जेट के बाद इंडिगो भी यहां से उड़ान भरेगा। इसकी कवायद के बीच सिविल इनक्लेव का काम भी जारी है। वहीं सुरक्षात्मक हर पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत सिविल इनक्लेव की सुरक्षा व्यवस्था राज्य पुलिस के जिम्मे होगी। वहीं सुरक्षात्मक कदम के तहत वायुसेना के गेट दो से ही यात्रियों को लाने व भेजने की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को जांच के बाद प्लेन तक ले जाने के लिए वायुसेना केंद्र में बीस फीट चौड़े सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
वायुसेना केंद्र की चाहरदीवारी के बगल से होते हुए यात्रियों को सिविल इनक्लेव से चेकिग के बाद लो फ्लोर बसों से प्लेन तक ले जाया जाएगा। एयरपोर्ट में एक साथ तीन प्लेन के पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां एयरफोर्स के जवान मुस्तैदी से वायु सैनिकों व वायुसेना केंद्र आने-जाने वाले को अंदर प्रवेश करने की अनुमति देंगे। इधर,स्पाइस जेट के बाद इंडिगो भी उड़ान भरने को तैयार हो रहा है। दरभंगा एयरपोर्ट से पांच रूटों दरभंगा-पटना-दिल्ली,दरभंगा-पटना-मुंबई, दरभंगा-हैदराबाद,दरभंगा-चेन्नई व दरभंगा-पुणे रूट पर हवाई सेवा को विस्तार मिलेगा। इसके लिए कंपनी के प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक विलियम की अगुवाई में बहुत जल्द टीम सर्वे करने दरभंगा आएगी।
टीम एयरपोर्ट की सुविधाओं के साथ सुरक्षात्मक उपाय, यात्रियों की वर्तमान स्थिति समेत अन्य व्यवस्था का जायजा लेगी। संभव है कि स्पाइस जेट कंपनी का एक उड़ान पड़ोसी देश नेपाल के लिए जल्द शुरू हो जाए। मगर इसकी घोषणा सर्वे के बाद की जाएगी। वैसे भी,स्पाइस जेट दिल्ली, मुंबई व बेंगलुरु के लिए एक अगस्त से परिचालन शुरू करने जा रहा है। इसके लिए एक मई से टिकटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी।
तीन महानगरों के लिए सीधी उड़ान सेवा बहाल करने के बाद अन्य भागों को भी इससे जोड़ा जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट पर रनवे रिकारपेटिग का काम जोरों पर है। रनवे के पूर्वी छोड़ से कंक्रीट की ढ़लाई के ऊपर रिकारपेटिग की जा रही है। दो डंफरों के जरिए प्लांट से मैटेरियल को स्पॉट पर रोलर के जरिए बैठाया जा रहा है। रनवे को दस इंच ऊंचा किया जाएगा। विमानों को लैडिग के समय कोई परेशानी न हो इसकी खास हिदायत दी गई है।








You must be logged in to post a comment.