मुख्य बातें : वर्षों प्रयास के बाद पीड़ित परिवार को अपनी जमीन पर जाने का मिला रास्ता, देशज टाइम्स फोटो: सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाता जेसीबी
मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। हरलाखी प्रखंड अंतर्गत कौआहा व धपहरटोल के बीच उमगांव से बेनीपट्टी जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे सरकारी जमीन से प्रशासन ने अतिक्रमण खाली करा दिया है।






कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त स्थानीय सीओ सौरभ कुमार, सहायक मजिस्ट्रेट सह एमओ प्राणनाथ मुन्ना व थानाध्यक्ष अनोज कुमार की उपस्थिति में अतिक्रमण को जेसीबी से पूर्ण रूप से खाली करा दिया गया। वर्षों के प्रयास से अतिक्रमण खाली होने पर एक पीड़ित परिवार को अपने जमीन पर जाने का रास्ता मिला।
कौआहा गांव निवासी राम जुलूम राउत की ओर से सड़क किनारे बिहार सरकार की जमीन पर एस्बेस्टस डाल कर दो कमरे बना लिए गए थे। अतिक्रमण के पीछे स्थानीय अनिल कुमार के परिवार की निजी जमीन है। लेकिन, अतिक्रमण के कारण उन्हें अपने जमीन पर जाने का रास्ता नहीं मिल रहा था।
इस मामले में अनिल कुमार साह के आवेदन पर हरलाखी अंचल में अतिक्रमणवाद चला। बावजूद अतिक्रमण खाली कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने वरीय अधिकारी का सहारा लिया। तदुपरांत अतिक्रमण खाली कराने की पहल हुई।
मौके पर एसआई अरुण कुमार दुबे, उपेंद्र प्रसाद, प्रशिक्षु एसआई आदित्य कुमार,प्रीति कुमारी, एएसआई रामप्रवेश प्रसाद, ध्यानी पासवान,राजस्व कर्मचारी रामबाबू झा सहित अंचल अमिन व दर्जनों महिला व पुरुष बल मौजूद थे।








