मुख्य बातें: साहरघाट थाना क्षेत्र के अवारी गांव में अपराधियों ने दिया भीषण चोरी की वारदात को अंजाम, देशज टाइम्स फोटो: चोरी के बाद पुलिस को दिखाते पीड़ित घरों के परिजन
मधवापुर, मधुबनी देशज टाइम्स। मधुबनी में इन दिनों आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा होता दिख रहा है। चाहे वो चोरी, डकैती, छिनतई या फिर बाइक चोरी की घटनाएं हों आम लोगों में एक डर का माहौल बना हुआ है।






इसमें आम हों या खास सब इसके शिकार हो रहे हैं। इसी क्रम में मधवापुर प्रखंड के साहरघाट के अवारी गांव में बीते शुक्रवार की देर रात चोरों ने जिला पार्षद मनीष झा सहित 2 घरों में 14 लाख के गहने जेवरात सहित लगभग 18 लाख की चोरी कर ली।
हालांकि इस दौरान चोर चार घरों में घुसे लेकिन ग्रामीणों के जाग होने के बाद दो घरों में चोरी नहीं कर सके और मौके से फरार हो गए। चोरों ने सभी घरों में छत से होकर अंदर प्रवेश किया। फिर कमरों में रखे आभूषण वाले गोदरेज आदि तोड़कर चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर साहरघाट के अपर थानाध्यक्ष अभिषेक आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पीड़ित जिला पार्षद मनीष झा की पत्नी ने शुक्रवार को ही दरभंगा के किसी अस्पताल में पुत्र को जन्म दिया। जिला पार्षद सपरिवार वहीं साथ में थे। उनके पैतृक घर में उनके पिताजी अकेले थे, जिन्हें इस चोरी की भनक तब लगी जब सुबह वो जगे।
चोरों ने उनके घर से गोदरेज तोड़कर लगभग 15 भर सोने का आभूषण, चांदी का लोटा, कटोरी व नकद 3 लाख 60 हजार नकद रुपए चुरा लिए। वहीं बगल के लाभ शंकर झा के घर से 7 भर सोने का आभूषण, कपड़े व 60 हजार नकद चुरा लिए।
वहीं, मदन झा एवं लुटिश झा के घर में प्रवेश करने के बाद गृहस्वामियों के जगने व शोरगुल होने पर चोर बिना देर किए वहां से फरार हो गए। समाचार प्रेषण तक साहरघाट थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, एएसआई अनिल सिंह सदल बल मौके पर पहुंच मामले की छानबीन कर रहे हैं।








