Anant Singh: मोकामा के बाहुबली विधायक बिहार की राजनीति में हमेशा चर्चा में रहते हैं। इस बार अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 25 नवंबर को होनी है। इस भव्य आयोजन की तैयारियों के बीच अनंत सिंह ने एक बड़ा और बेबाक बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि बेटी की शादी के बाद वे सरकारी बंगला खाली कर जेल चले जाएंगे।

‘शादी कर लेंगे, घर खाली कर देंगे, फिर जेल चले जाएंगे’
बेटी की शादी के बाद जेल जाने और सरकारी आवास खाली करने के सवाल पर अनंत सिंह ने किसी तरह का संकोच नहीं किया। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि पहले वे शादी का आयोजन पूरा करेंगे, फिर घर खाली कर देंगे और उसके बाद आराम से जेल चले जाएंगे।
“शादी कर लेंगे, घर खाली कर देंगे, फिर अपना हम जेल में जाना है, चले जाएंगे आराम से… जनता मालिक है, वो ध्यान देगी। जनता के यहां ही न्याय होता है। नेता कभी न्याय नहीं करता। जनता मालिक है और सबका हिसाब वही पूरा करेगी। मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। जनता जो फैसला करेगी, वही अंतिम होगा।”
अनंत सिंह के इस बयान से एक बार फिर उनकी बेबाकी और जनता पर उनके भरोसे की झलक मिली है।
बेटी की शादी में 4 लाख लोगों के भोजन का इंतजाम, दामाद को डिफेंडर
अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उनके पैतृक गांव लदमा में भव्य तैयारियां चल रही हैं।
- करीब 10 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है।
- शादी में लगभग चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।
- घुड़दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी, जिसके विजेता को 20 लाख रुपये की गाड़ी इनाम में दी जाएगी।
- अनंत सिंह ने बताया है कि शादी में सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे हिंदुस्तान और पाकिस्तान को न्योता भेजा गया है। सभी दलों के नेताओं को भी निमंत्रण दिया गया है।
- उपहारों को लेकर भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह अपने दामाद को करीब 2.5 करोड़ रुपये की डिफेंडर कार उपहार में देंगे।
- बेटे के उपनयन संस्कार के बाद उसे बीएमडब्ल्यू कार देने की भी बात सामने आई है। जब पत्रकारों ने इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि वे उतने पढ़े-लिखे नहीं हैं और गाड़ी का नाम नहीं जानते।
4 दिसंबर तक करना है सरेंडर, सुप्रीम कोर्ट से मिली मोहलत
अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। शीर्ष अदालत ने उनकी जमानत रद्द कर दी थी। हालांकि, बेटी की शादी को देखते हुए उन्हें सरेंडर करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी पराले की पीठ ने 30 अक्टूबर को इस मामले की सुनवाई की थी। अनंत सिंह की ओर से बेटी की शादी का हवाला देकर मोहलत मांगी गई थी।
पहले आदेश में सरेंडर की तारीख 1 दिसंबर 2026 बताई गई थी, लेकिन आदेश की कॉपी में यह तारीख 4 दिसंबर दर्ज है, जिससे उन्हें तीन दिन की अतिरिक्त मोहलत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को दुलारचंद हत्याकांड की जांच चार महीने के भीतर पूरी कर रिपोर्ट पेश करने का भी निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में हत्या का आरोप लगने के बाद बिहार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल में रहते हुए भी उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से जीत दर्ज की थी। बाद में पटना हाईकोर्ट ने 19 मार्च को उन्हें जमानत दी थी, जिसे याचिकाकर्ता ने 67 आपराधिक मामलों का हवाला देते हुए चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करते हुए कहा था कि हत्या के मामले को केवल राजनीतिक विवाद के रूप में देखना सही नहीं है और मामले की जांच अभी जारी है। अब अनंत सिंह की नजर पहले बेटी की शादी पर है, जिसके बाद उन्हें अदालत के आदेश के मुताबिक सरेंडर करना होगा।







