Darbhanga Loot Case: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा में हुए 1.39 करोड़ रुपये के सनसनीखेज चांदी लूटकांड में भाजपा के नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की को पार्टी से निलंबित कर निष्कासित कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सिमरी थाना क्षेत्र के एकमी शोभन बाईपास पर हुई थी, जहां 62 किलो चांदी की लूट को अंजाम दिया गया था।

भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया के माध्यम से सूचना मिली थी कि नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की चांदी लूट कांड में शामिल है और उसकी गिरफ्तारी भी हुई है। इस सूचना के बाद पार्टी ने तत्काल प्रभाव से विशाल महासेठ को निलंबित करते हुए निष्कासित करने का फैसला लिया।
1.39 करोड़ की चांदी लूट कैसे हुई?
यह बड़ी लूट 7 नवंबर 2026 की देर रात्रि निर्माणाधीन एम्स के पास मुख्य सड़क पर हुई थी। बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी से 62 किलो चांदी लूट ली, जिसकी बाजार कीमत 1.39 करोड़ रुपये बताई गई है। इस लूटकांड में कुल 12 लोग शामिल थे। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह के सदस्य कौशिक नामक ड्राइवर को हाथ में गोली मारने वाले थे, ताकि व्यापारी को यह लगे कि यह एक वास्तविक लूट है। घटना के बाद व्यापारी ने पुलिस को सूचना नहीं दी और वह सीधे पश्चिम बंगाल के कोलकाता वापस चले गए थे।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 आरोपी गिरफ्तार, चांदी भी बरामद
इस बड़ी वारदात की जानकारी एसएसपी जगुनाथ रड्डी जलरड्डी को मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सिमरी थानाध्यक्ष के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस की शुरुआती कार्रवाई में पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से लूटी गई 62 किलो चांदी, 5.94 लाख रुपये नकद और दो कारें बरामद की गईं।
पुलिस ने अपनी जांच जारी रखी और बुधवार को इस मामले में मोहम्मद मोहीदुल और आरोपी ड्राइवर कौशिक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कस्टडी में कौशिक का इलाज चल रहा है। सदर एसडीपीओ 2 एसके सुमन ने बताया कि कुल 12 आरोपियों में से अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।







