Begusarai Vigilance: बिहार के बेगूसराय जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। साहेबपुर कमाल थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) चंदन झा को बीती शाम 29 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई प्रखंड मुख्यालय के पास एक फोटोस्टेट दुकान के समीप की गई, जहां निगरानी टीम ने जाल बिछाया था।
जानकारी के अनुसार, एएसआई चंदन झा पर एक मामले से नाम हटाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले आरोपों की पुष्टि की, जिसके बाद यह गिरफ्तारी संभव हो पाई। आरोपी एएसआई को अब आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भागलपुर स्थित निगरानी विभाग के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
शराब तस्करी से जुड़े मामले में मांगी थी रिश्वत
यह पूरा मामला एक फोर व्हीलर कार से जुड़ा है। साहेबपुर कमाल गांव के वार्ड नंबर-8 निवासी अमित कुमार ने अपनी i20 कार बेच दी थी, जिसे बाद में शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में जब्त कर लिया गया। इसी मामले में अमित कुमार का नाम सामने आया था। आरोप है कि एएसआई चंदन झा ने इसी केस से अमित कुमार का नाम हटाने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की थी। अमित कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की, जिसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई की।
निगरानी विभाग के डीएसपी गौतम शरण ओमी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया, ‘साहेबपुर कमाल निवासी अमित कुमार ने निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि थाने में दर्ज एक मामले से नाम हटाने के बदले एएसआई चंदन झा रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन कराया गया। आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया। इसके बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की और आरोपी को 29 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया गया।’
निगरानी टीम ने ऐसे दबोचा
अमित कुमार की शिकायत के बाद, निगरानी विभाग ने थाना कांड संख्या 127/26 दर्ज किया और एएसआई को पकड़ने की योजना बनाई। सोमवार शाम को साहेबपुर कमाल प्रखंड मुख्यालय के पास एक फोटोस्टेट दुकान के समीप जाल बिछाया गया। जैसे ही एएसआई चंदन झा ने कथित तौर पर 29 हजार रुपये की रिश्वत ली, निगरानी टीम ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई और बरामद नोटों के नंबर का भी मिलान किया गया।
इस कार्रवाई में अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर विनोद कुमार, डीएसपी मोहन कुमार और एक महिला सिपाही सहित निगरानी विभाग के कई अधिकारी शामिल थे। बेगूसराय में निगरानी विभाग की इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर लगे रिश्वतखोरी के आरोपों को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल, आरोपी एएसआई चंदन झा के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है और न्यायालय के निर्णय के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।







