Bihar Crime: बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है, जहां एक 30 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चकहबीब बाघी पंचायत अंतर्गत राम टोला में हुई। मृतक की पहचान कमल सिंह के बेटे सोनू कुमार के रूप में हुई है, जिसकी महज तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। इस Bihar Crime की घटना से इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

गुरुवार की शाम सोनू कुमार अपने घर पर था, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन आने के बाद वह राम टोला पहुंचा, जहां किसी विवाद के बाद उसे सिर में सटाकर तीन गोलियां मार दी गईं। गोली लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ अंधाधुंध फायरिंग भी की, जिससे आसपास के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
सोनू की हत्या के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि सोनू का किसी के साथ कोई पुराना विवाद नहीं था। शादी के तीन महीने बाद ही पत्नी के विधवा होने से गांव में मातम पसर गया है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर नेशनल हाईवे मुजफ्फरपुर-बरौनी मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बिहार में कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
राज्य की कमान बीजेपी के सीएम को मिली तो लोगों को उम्मीद जागी कि यहां भी यूपी मॉडल लागू होगा। अपराध नियंत्रित होगा। बीजेपी के हाथों में कमान आने के बाद लगा था कि मां-बहनें सड़कों पर सुरक्षित होंगी, लेकिन जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को देखकर ऐसा लगता है कि पुलिस अपराधियों के सामने नत मस्तक है। खुलेआम अपराधी कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। आम लोगों के अलावा पत्रकारों और व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाने के अलावा कई अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी के हाथों में कमान आने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि अपराध नियंत्रित होगा और यूपी मॉडल लागू होगा, लेकिन अपराधी बेलगाम हो गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
इस पूरे मामले पर सदर डीएसपी सतीश सुमन ने जानकारी दी कि उन्हें एक युवक की हत्या की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। डीएसपी सुमन ने स्वीकार किया कि घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व तलाश की जा रही है। सदर डीएसपी से आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम हटाया गया।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता बढ़ा दी है।








You must be logged in to post a comment.