Darbhanga News: दरभंगा जिले के दरभंगा, बेनीपुर प्रखंड में नव पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राहुल कुमार कर्ण ने पंचायत स्तर पर आम जनता को बेहतर सुविधाएँ देने के लिए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने पंचायत स्तर पर पदस्थापित कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के बाद आधे दर्जन कर्मचारियों के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
BDO की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आते ही बदली व्यवस्था
बेनीपुर में पंचायत स्तर पर पंचायत भवन और पंचायत सरकार भवन में पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक जैसे कई पद सृजित हैं। सरकार द्वारा इन पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति भी की गई है। हालांकि, अक्सर यह देखा जाता था कि ये पदाधिकारी समय पर अपने कार्यालयों में उपस्थित नहीं होते थे, जिससे आम लोगों को अनावश्यक रूप से प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे।







नए प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल कुमार कर्ण ने चार पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत सचिव, डाटा ऑपरेटर, लेखापाल, तकनीकी सहायक और आवास सहायक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनात कर्मचारी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए।
इन कर्मचारियों पर गिरी गाज, मांगा गया जवाब
BDO राहुल कुमार कर्ण ने जिन कर्मचारियों को अनुपस्थित पाया, उनमें नौसवा यास्मीन, राजीव कुमार रमण, आकाश सक्सेना, पंकज कुमार गुप्ता, विमल कुमार और शाहिल कुमार शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
BDO राहुल कुमार कर्ण ने अपने आदेश में कहा है कि, ‘बिना पूर्व सूचना के कार्य स्थल से गायब पाए जाने के कारण स्पष्ट करें अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’
इस त्वरित कार्रवाई से प्रखंड क्षेत्र की आम जनता में काफी राहत और उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि इस अभियान से पंचायत स्तर पर सरकारी कामकाज में पारदर्शिता आएगी और उन्हें समय पर सेवाओं का लाभ मिलेगा। आने वाले दिनों में प्रखंड विकास पदाधिकारी के इस अभियान का असर और भी व्यापक रूप से देखने को मिल सकता है, जिससे व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।









You must be logged in to post a comment.