Darbhanga Crime: प्रभास रंजन दरभंगा।दरभंगा में मंगलवार सुबह एक मामूली सड़क दुर्घटना खूनी वारदात में बदल गई। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एकमी रोड पर एक ई-रिक्शा चालक ने ट्रक के खलासी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर सिर्फ चाकू मारकर ही नहीं रुका, बल्कि उसने घायल खलासी के पास रखे 50 हजार रुपये भी लूट लिए और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल खलासी को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की पहचान पटना जिले के मनेर बदन टोला निवासी कमलेश राय के 19 वर्षीय पुत्र दरोगा राय के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी है।
मामूली भिड़ंत के बाद खूनी खेल
विकास कुमार, जो घायल खलासी का उपचार करा रहे हैं, ने घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार ट्रक बालू लेकर एकमी आए थे। बालू अनलोड करने के बाद तीन ट्रक वापस जा चुके थे। जब चौथा ट्रक वापस लौट रहा था, तभी अचानक सामने से एक ई-रिक्शा आ गया। ट्रक चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद ट्रक हल्का सा ई-रिक्शा से सट गया।
इस मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ई-रिक्शा चालक ने पास में रखे चाकू से ट्रक खलासी दरोगा राय के पेट में वार कर दिया। चाकू लगने से दरोगा राय खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।
घायल खलासी से 50 हजार रुपये भी लूटे
विकास कुमार ने बताया कि चाकू मारने के बाद ई-रिक्शा चालक ने घायल खलासी दरोगा राय के पास रखे 50 हजार रुपये भी छीन लिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना से मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना तत्काल ट्रक मालिक को दी गई है। उनके दरभंगा पहुंचने के बाद बहादुरपुर थाना में घटना से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी ई-रिक्शा चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।







