Darbhanga Drug Bust: प्रभास रंजन दरभंगा। दरभंगा में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के उर्दू बाजार स्थित इंडिया मेडिसिन सेंटर नामक दवा दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली टैबलेट और कफ सिरप की बिक्री की सूचना के बाद की गई।
कोतवाली थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया
गश्ती के दौरान एक युवक को दुकान से निकलते देखा गया। उसकी तलाशी लेने पर पॉकेट से नशीली दवा मिली, जिसके बाद पुलिस को दुकान में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की जानकारी हुई। लंबे समय से इस दुकान से नशीली दवाओं की आपूर्ति की शिकायतें मिल रही थीं।
कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई। युवक के पास से नशीली दवा मिलने के बाद, टीम ने बिना देरी किए रामजानकी मंदिर के पास स्थित इंडिया मेडिसिन सेंटर पर छापा मारा। मौके से बड़ी संख्या में नशीली और प्रतिबंधित टैबलेट मिलीं।
दुकान संचालक और स्टाफ से पुलिस ने गहन पूछताछ की। बरामद दवाओं की मात्रा और उनके संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए तत्काल ड्रग इंस्पेक्टर को बुलाया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर की जांच, लाइसेंस पर सवाल
ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर बरामद दवाओं की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ही दुकान से भारी मात्रा में नशीली एवं प्रतिबंधित टैबलेट मिलने की पुष्टि हुई है। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी बरामद दवाओं की जांच की जा रही है।
ड्रग इंस्पेक्टर ने कहा, ‘बरामद सभी दवाओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि इनमें कौन-कौन सी दवाएं प्रतिबंधित हैं और उनके बिक्री व भंडारण से संबंधित नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। इस दुकान के पास लाइसेंस उपलब्ध है और हर तरीके से जांच की जाएगी।’
पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह भी पता चला है कि कुछ दिन पहले लहेरियासराय थाना क्षेत्र के एक दवा दुकान से भी नशीली दवाएं बरामद हुई थीं। हालांकि, उस मामले में ड्रग विभाग द्वारा अब तक क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। इस कार्रवाई से दरभंगा में अवैध दवा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।








You must be logged in to post a comment.