Darbhanga CRIME कमला नदी में मिली बिरौल के ‘मंदबुद्धि’ युवक की लाश! 22 तारीख को घर से निकले थे विक्रम, वापस नहीं लौटे, बहेड़ी में ‘ तैरती ‘ बड़ी तहकीकात। आखिर, तीन दिन कहां बीते? इस दौरान क्या हुआ? कई सवाल! एसएचओ सूरज कुमार गुप्ता हर एंगल से जांच में जुट गए हैं।
: बिहार के दरभंगा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बहेड़ी थाना क्षेत्र के लोरीकधाम बनडीहुली स्थित कमला नदी से एक 24 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के मनोर भौराम गांव निवासी राजाराम यादव और गंगिया देवी के पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विक्रम कुमार ‘मंदबुद्धि’ थे।
22 तारीख को घर से निकले थे विक्रम, वापस नहीं लौटे
परिजनों ने बताया कि विक्रम कुमार 22 तारीख को खाना खाने के बाद हर दिन की तरह घर से बाहर निकले थे, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटे। कई दिनों की तलाश के बाद मंगलवार को उनका शव कमला नदी में तैरता हुआ मिला। इस दुखद खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। विक्रम अपने दो भाइयों और एक बहन में से एक थे।
स्थानीय लोगों ने अंचलाधिकारी से की जांच और मुआवजे की मांग
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अंचलाधिकारी इस मामले की गहन जांच करें और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की दिशा में जल्द से जल्द पहल करें। यह मांग इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि समुदाय इस दुखद घटना से मर्माहत है।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा, ‘शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा जा रहा है। परिजनों के आवेदन के आलोक में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके। परिवार और स्थानीय लोग जल्द से जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।







