Bihar LJP(R): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान बिहार में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की बड़ी तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी जल्द ही अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बड़े बदलाव का ऐलान कर सकती है। इस फेरबदल का सीधा असर राज्य इकाई पर भी पड़ेगा, जिससे बिहार समेत कई अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। पार्टी नेतृत्व जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा है।
बिहार में लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर अटकलें तेज हैं। अंदरूनी सूत्रों की मानें तो सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से इस नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अंतिम फैसले के बाद ही इस संबंध में पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी से लेकर बिहार तक बदलेगी तस्वीर
संगठन में यह बदलाव केवल बिहार तक सीमित नहीं रहने वाला है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) दूसरे राज्यों में भी अपनी टीम में व्यापक फेरबदल कर सकती है। नई जिम्मेदारियों के लिए अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी आगे लाने पर विचार किया जा रहा है। नई राष्ट्रीय टीम में भी कई युवा नेताओं को जगह मिलने की संभावना है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो सके।
चिराग पासवान का युवा और महिला केंद्रित प्लान
पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान का मानना है कि संगठन में बदलाव के पीछे युवाओं और महिलाओं को पार्टी से बड़े पैमाने पर जोड़ना एक महत्वपूर्ण योजना है। नई टीम में युवा और महिला नेताओं की भागीदारी बढ़ने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही, पार्टी सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दे सकती है, ताकि सभी वर्गों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।
इन संगठनात्मक परिवर्तनों के माध्यम से, पार्टी निचले स्तर तक अपनी जड़ें मजबूत करना चाहती है। इसका उद्देश्य नए मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बढ़ाना और आने वाले समय में संगठन को पहले से कहीं अधिक सक्रिय बनाना है।
फिलहाल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलस) ने न तो नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नामों की और न ही बिहार प्रदेश अध्यक्ष के नाम की कोई आधिकारिक घोषणा की है। सुरेंद्र विवेक को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की खबर और दूसरे राज्यों में होने वाले संभावित बदलावों की सही तस्वीर पार्टी के औपचारिक ऐलान के बाद ही स्पष्ट होगी।







