Darbhanga News: दरभंगा में अनहोनी| गए दाह संस्कार में डूबने से हो गई मौत! टीम बुलाने में देरी पर भड़का गुस्सा, NH-27 पर लगा भीषण जाम। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को एसडीआरएफ की टीम बुलाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। शाम में एनएच-27 पर आवागमन फिर से शुरू हो सका। तीन घंटे की जाम से यात्री गर्मी में बिलबिलाने के सिवाय कुछ न कर सके।
दरभंगा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां कमला नदी में स्नान करने गए सदर थाना क्षेत्र के काकरघाटी गांव निवासी राजेंद्र यादव के 26 वर्षीय पुत्र अखिलेश यादव की डूबने से मौत हो गई। काकरघाटी गांव में हुई इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-27 फोरलेन को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मृतक अपने रिश्ते के चाचा के दाह संस्कार में शामिल होने आया था।
कमला नदी में स्नान के दौरान हादसा, दो बच्चों का पिता डूबा
सदर थाना क्षेत्र के काकरघाटी गांव निवासी राजेंद्र यादव के 26 वर्षीय पुत्र अखिलेश यादव अपने रिश्ते के चाचा फलेश्वर यादव के दाह संस्कार में शामिल होने गए थे। फलेश्वर यादव उम्रदराज थे। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दाह संस्कार के बाद अखिलेश अन्य लोगों के साथ काकरघाटी स्थित कमला नदी में स्नान करने पहुंचा। दुर्भाग्यवश, स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। अखिलेश यादव अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है।
टीम बुलाने में देरी पर भड़का गुस्सा, NH-27 पर लगा भीषण जाम
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने तत्काल युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ या एसडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने शुरुआत में टीम बुलाने में अपनी असमर्थता जताई, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
ग्रामीणों ने पुलिस के तत्काल टीम न बुला पाने पर नाराजगी व्यक्त की और एनएच-27 फोरलेन को आनन-फानन में जाम कर दिया। इस जाम के कारण दोनों लेन में वाहनों का परिचालन ठप हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे तक चले इस जाम से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को एसडीआरएफ की टीम बुलाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और शाम करीब चार बजे एनएच-27 पर आवागमन फिर से शुरू हो सका। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, टीम के पहुंचने के बाद ही नदी में डूबे युवक की तलाश शुरू की जाएगी। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, और परिजन गहरे सदमे में हैं।







