मधुबनी के जयनगर से इस वक्त की बड़ी खबर है जहां बस्ती पंचायत के निकट रेलवे के यूटाइप सड़क के नरडाहा पोखर के निकट अपराधियों ने चैंबर के सचिव सह किराना व्यवसायी बस्ती निवासी योगेंद्र कापड़ी के 37 वर्षीय श्रवण कपड़ी को गोली मारकर हत्या कर दी।
इधर, घटना के विरोध में गुरुवार की सुबह से ही जयनगर चैम्बर ऑफ कॉमर्स, कैट, तथा मिथिलांचल चैम्बर, ड्रग एशोसिएशन के आह्वान पर पूरा बाजार बंद कर दिया गया। उग्र लोगों ने गुरुवार की सुबह शहीद चौक को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया है।
लोग अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और व्यवसायियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग कर रहे हैं। इधर, घटना के बाद से किराना व्यवसायी के घर में कोहराम मचा हुआ है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस प्रशासन हमलावर की शिनाख्त व गिरफ्तार के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, श्रवण कापड़ी की जयनगर बाजार के किराना गली में दुकान है। वे बुधवार की रात अपनी दुकान बंद कर घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में शहीद चौक स्थित रेलवे के यूटाइप सड़क के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।
अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना रात के करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। गोली लगते ही किराना व्यवसायी सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें आननफानन में सड़क से उठाकर अनुमंडल अस्पताल लाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि किराना मंडी से दुकान बंद कर आठ बजे रात वह घर जा रहे थे कि इसी दौरान किसी के फोन पर वह मार्केट गए। इसके साथ बाइक पर दो लोग सवार थे। ऐसा संदेह जाहिर किया जा रहा है कि उसी ने पीछे से सिर के नीचे सटाकर गोली मार दिया, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर हो गयी। हालांकि आननफानन में लोग उसे अनुमंडल अस्पताल लाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबर लिखे जाने तक एफआईआर नही हुई थी। सवेरे मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम में मृतक के सर से गोली निकलने की पुष्टि हुई है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि हमलावर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
डीएसपी विप्लव कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा, घटना को अंजाम देने वाले अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे।







