मुख्य बातें : महज पांच धुर जमीन के लिए बाइक सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम,देशज टाइम्स फोटो:अनुमंडलीय अस्पताल झंझारपुर में इलाजरत जख्मी
झंझारपुर, मधुबनी देशज टाइम्स। झंझारपुर थाना क्षेत्र के दलिहारा चौर के पास दिन दहाड़े बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से एक अधेड़ को गोली मार फरार हो गए।






घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने झंझारपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच रेफर कर दिया है। घायल व्यक्ति की पहचान लखनौर थाना क्षेत्र के शिवैसिंहपुर गांव के भिलाई ठाकुर के 42 वर्षीय पुत्र सुशील ठाकुर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक वह जमीन रजिस्ट्री के काम को लेकर घर से झंझारपुर जा रहा था। इसी बीच पीछा कर रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मार दी। गोली पैर में लगी और चीरते हुए बाहर निकल गयी।
वहीं झंझारपुर अस्पताल पहुंची जख्मी सुशील ठाकुर की पत्नी ने गांव के दो व्यक्ति पर महज पांच धुर जमीन को लेकर गोली मारने की बात कही है। इधर सूचना पर पुलिस पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई है। दिन दहाड़े गोली मारने की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।








