Darbhanga Crime News: बिहार के दरभंगा में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कथित निष्क्रियता के खिलाफ अब जन आंदोलन तेज हो गया है। इंसाफ मंच ने 22 जून 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान फैज अहमद की नृशंस हत्या के दोषियों को सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को मुआवजा और नौकरी देने सहित कई बड़ी मांगें उठाई गईं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कप्तान से भ्रष्टाचारियों को पकड़ने के बजाय भ्रष्टाचार उजागर करने वालों को जेल भेजने का जवाब मांगा।
फैज हत्याकांड: न्याय और मुआवजे की मांग
लहेरियासराय के पोलो मैदान से शुरू हुआ जुलूस कमिश्नरी और समाहरणालय होते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। इंसाफ मंच के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में फैज अहमद हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच, मुकदमे का स्पीडी ट्रायल और सभी गवाहों के 64 के तहत बयान दर्ज करने की मांग की गई। इसके साथ ही, सोनू पासवान को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने और पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की भी पुरजोर मांग की गई।






इंसाफ मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष और भाकपा (माले) राज्य कमिटी सदस्य नेयाज अहमद ने कहा, ‘भाजपाई राज में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। पुलिस और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। दरभंगा में दिन दहाड़े मो फैज की नृशंस हत्या कर दी गई, पीड़ित परिवार इंसाफ के लिए भटक रहे हैं लेकिन सरकार प्रशासन उनकी बातों को सुन भी नहीं रहे हैं। वहीं भ्रष्टाचारी को पकड़ने के बदले भ्रष्टाचार का उद्भेदन करने वाले को जेल भेजा जा रहा है। लूट-भ्रष्टाचार-हत्या का यह राज नहीं चलने देंगे। इंसाफ न्याय की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ेंगे।’
पुलिस पर गंभीर आरोप और अन्य मामलों में कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने सिर्फ फैज हत्याकांड ही नहीं, बल्कि कई अन्य गंभीर मामलों में भी पुलिस की लचर कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने पतोर थाना कांड संख्या 10/26 में विंदेश्वर राम के हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा, केवटी थाना कांड संख्या 176/26 और नगर थाना कांड संख्या 52/26 में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले पत्रकारों को झूठे मुकदमों से बरी करने की मांग की गई।
इंसाफ मंच ने जाले थाना कांड संख्या 109/26 में महिला उत्पीड़न के अभियुक्तों को पकड़ने और जाले थाना कांड संख्या 112/26 के झूठे काउंटर मुकदमे को वापस लेने की भी अपील की। बहेड़ी थाना कांड संख्या 303/26 और 386/26 में फंसे गरीब निर्दोषों को बरी करने तथा सदर थाना कांड संख्या 172/26 के अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
इंसाफ मंच के जिला सचिव मकसूद आलम पप्पू खान ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘इंसाफ मंच ने जिन मांगों को लेकर प्रदर्शन किया है अगर उन मांगों पर प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।’
इस प्रदर्शन का नेतृत्व नेयाज अहमद, मकसूद आलम पप्पू खान, अहमद अली तमन्ने, ऐपवा की जिला शनिचरी देवी, भाकपा (माले) जिला कमिटी सदस्य ललन पासवान और पप्पू कुमार पासवान ने किया। सभा को अशोक पासवान की अध्यक्षता में भाकपा (माले) के नगर सचिव कामेश्वर पासवान, जमालुद्दीन, अवधेश सिंह, विनोद सिंह, किसान नेता सूर्यनारायण शर्मा, शिवन यादव, खेग्रामस नेता पप्पू पासवान, अमर राम, शहजादे तमन्ने, भाकपा नेता अहमद अली तमन्ने, अरशद सिद्दकी, मो शौकत, प्रो राहत अली, मुर्तजा राईन, डोमू राम, राजदीप राम, किशुनदेव मांझी, गुलाम अंसारी, पवन यादव और रामदेव मंडल सहित कई प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया। उन्होंने दरभंगा में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने और पुलिस प्रशासन को जवाबदेह बनाने पर जोर दिया।








