Bhojpur Auto Accident: बिहार के भोजपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई है, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना बीती देर रात कोईलवर थाना क्षेत्र में हुई, जब बालू घाट से लौट रहे मजदूरों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर रेलवे स्टेशन की दीवार से जा टकराई।
कोईलवर में मजदूरों से भरी ऑटो हुई दुर्घटनाग्रस्त
जानकारी के अनुसार, कोईलवर के सोन नदी स्थित अब्दुलबारी लोहा पुल के पास यह हादसा हुआ। ऑटो में कुल सात मजदूर सवार थे, जो बालू घाट से काम खत्म कर वापस लौट रहे थे। अचानक ऑटो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वह सीधे रेलवे स्टेशन की दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।






घायलों को पटना भेजा गया
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से जख्मी हुए पांच मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।








