: बिहार की राजधानी पटना में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत का रहस्य बरकरार है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) आठ महीने की लंबी जांच के बाद भी इस मामले में किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ने इस प्रकरण में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है, जिससे न्याय की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों को निराशा हाथ लगी है।
शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई थी छात्रा की मौत
जांच के दौरान CBI को ऐसा कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिला, जिसके आधार पर किसी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इसी आधार पर एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट बंद करने का निर्णय लिया है। पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई इस संदिग्ध मौत के बाद परिजनों और स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठे थे, जिसके चलते मामले की जांच CBI को सौंपी गई थी।
CBI ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट 6 अक्टूबर 2026 को पटना की विशेष POCSO अदालत में पेश की। अब अदालत इस रिपोर्ट पर विचार करेगी। मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होनी है।
अदालत के पास है अतिरिक्त जांच का अधिकार
सुनवाई के दौरान अदालत क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर सकती है। हालांकि, यदि मामले से जुड़े पक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हैं या उपलब्ध सामग्री के आधार पर आगे की जांच जरूरी लगती है, तो विशेष POCSO अदालत अतिरिक्त जांच के आदेश भी दे सकती है। आठ महीने तक चली गहन जांच में एजेंसी ने संबंधित जगहों, गवाहों और उपलब्ध रिकॉर्ड की समीक्षा की, लेकिन अभियोजन के लिए पर्याप्त सबूत नहीं जुटा पाई।






