Bihar Weather: बिहार में मंगलवार को मौसम में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। अधिकांश जिलों में धूप-छांव का खेल जारी रहेगा, वहीं उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल, किसी भी जिले के लिए बारिश या आंधी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
उमस से बढ़ेगी परेशानी, इन शहरों में छाए रहेंगे बादल
किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इन इलाकों में सूरज कभी-कभी बादलों में छिपता दिख सकता है, जिससे दिन का तापमान थोड़ा नियंत्रित रह सकता है। हालांकि, उमस बढ़ने से गर्मी का एहसास अधिक होगा। वहीं, पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई प्रमुख जिलों में लोगों को चिपचिपाती उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। दिन में चलने वाली हल्की हवाएं थोड़ी राहत दे सकती हैं, लेकिन रात में नमी वाला मौसम असुविधा को बढ़ाएगा।






40 डिग्री पहुंचा तापमान, हल्की बारिश से भी नहीं मिली राहत
पिछले 24 घंटों के दौरान बक्सर और कैमूर राज्य के सबसे गर्म जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी अवधि में पटना, नालंदा, शेखपुरा, गोपालगंज, लखीसराय, बेतिया और कैमूर में हल्की बारिश दर्ज की गई। कई अन्य जिलों में दिनभर बादल छाए रहने से तेज धूप से कुछ राहत तो मिली, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया।
किसानों और शहरवासियों के लिए खास सलाह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, लेकिन भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में नमी का विशेष ध्यान रखें और अपनी फसलों की देखभाल करें। शहरवासियों को गर्मी और उमस से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के रंग के कपड़े पहनने और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।








