Mathura Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार वोल्वो बस ने आगे चल रहे गिट्टी से लदे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।
कैसे हुआ यमुना एक्सप्रेस-वे पर यह भीषण हादसा?
यह भयावह दुर्घटना आज सुबह लगभग 3:30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 112 से 113 के बीच, राया कट से करीब दो किलोमीटर पहले हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोला बस सर्विस की वोल्वो बस का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रेलर में घुसकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।






घायलों को बचाने के लिए तुरंत चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना सुबह 3:35 बजे कंट्रोल रूम को मिलते ही तत्काल पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ भी बनाया गया, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
पुलिस अधीक्षक (देहात) सुरेश चंद्र रावत ने जानकारी देते हुए बताया, ‘गिट्टी से लदा ट्रेलर अपनी लेन में सामान्य गति से जा रहा था। तभी पीछे से आ रही गोला बस सर्विस की वोल्वो बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई और करीब 20 लोग घायल हुए हैं। 8 पीआरबी (पुलिस रिस्पांस वैन) और 12 एंबुलेंस को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया था।’
इस दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि आखिर बस अनियंत्रित कैसे हुई और क्या चालक को झपकी आ गई थी या कोई और कारण था। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।








