Pappu Yadav Health: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने से उनके समर्थक चिंतित हैं। वे कटिहार जिले में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे थे, तभी उन्हें अचानक चक्कर आ गया। भरे कार्यक्रम में वे लड़खड़ाने लगे और गिरते-गिरते बचे, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
सांसद पप्पू यादव कटिहार में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किए गए थे। कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले जब वे मंच पर माइक पकड़े हुए थे, तो अचानक उन्हें चक्कर महसूस हुआ। वीडियो में साफ दिख रहा है कि उनके आसपास भारी भीड़ थी और वे लड़खड़ाने लगे। आनन-फानन में लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत उनके लिए कुर्सी मंगाई गई।
कार्यक्रम के बीच आया चक्कर, सामने आया वीडियो
वायरल वीडियो में पप्पू यादव हाथ के इशारे से यह बताते दिख रहे हैं कि उन्हें चक्कर आ रहा है। इसके बाद सांसद के सिर पर पानी भी डाला गया, जिससे कुछ देर बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली। तबीयत ज्यादा खराब होने के
कारण पप्पू यादव को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित किया गया था और पप्पू यादव ने माता रानी के दर्शन भी किए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी।
हाल ही में नीरज कुमार की भी बिगड़ी थी तबीयत
पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ने से पहले मंगलवार को जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार की भी खराब सेहत की खबर सामने आई थी। उन्हें सोमवार की रात हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नीरज कुमार को आईसीयू में रखा गया था। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने अस्पताल जाकर नीरज कुमार से मुलाकात की थी और उनका हालचाल जाना था।








You must be logged in to post a comment.