Bihar Crime News: बिहार में एक बार फिर स्कूल हॉस्टल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बिहार के सुपौल जिले से एक सनसनीखेज Bihar Crime News सामने आई है, जहां सोमवार सुबह शानवी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में पहली कक्षा के आठ वर्षीय छात्र प्रियांशु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव हॉस्टल की छत पर फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक छात्र की पहचान मरौना थाना क्षेत्र के परिकोच निवासी शिव शंकर यादव के आठ वर्षीय बेटे प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। प्रियांशु शानवी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। स्कूल कर्मियों को बीती देर रात हॉस्टल की छत पर प्रियांशु के फंदे से लटके होने की जानकारी मिली। इसके बाद आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन सुपौल के एक निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
घटना की खबर मिलते ही प्रियांशु के परिजन मौके पर पहुंचे। छात्र की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने स्कूल और हॉस्टल की व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है।
मृतक के पिता शिव शंकर यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद उसे फंदे से लटका दिया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का दावा है कि प्रियांशु के चेहरे पर चोट के कई निशान हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस जांच में जुटी, FSL टीम भी मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और एसडीपीओ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर सुपौल एसपी सरथ आरएस भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने मीडिया को बताया कि घटना की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है।
एसपी सरथ आरएस ने कहा, ‘वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच होगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’
फिलहाल, आठ वर्षीय छात्र की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस इस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है और जल्द ही सच सामने आने की उम्मीद है।







