भाजपा ने मंगलवार को संगठन में बड़े बदलाव किए। इस दौरान जी. किशन रेड्डी को तेलंगाना के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। डी. पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, सुनील जाखड़ पंजाब के पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।
पीएम मोदी-शाह और नड्डा ने की थी अहम बैठक
इससे पहले 28 जून को देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ बैठक की थी। इसके बाद से ही माना जा रहा था कि इस बैठक में सरकार और संगठन में बड़े फेरबदल पर बात हुई है।






बैठक में चुनावी राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना को लेकर भी चर्चा हुई थी। अटकलें थीं कि इन राज्यों से कुछ लोगों को सरकार में लाया जा सकता है तो कुछ मंत्रियों को बेहतर कामकाज के लिए संगठन में भेजा जा सकता है और हुआ भी कुछ ऐसा ही।
पार्टी ने चार राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान किया है। इनमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड और पंजाब शामिल हैं, हालांकि पार्टी ने मध्य प्रदेश और कर्नाटक को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। इन राज्यों में भी प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा थी। पंजाब में अभी तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अश्वनी शर्मा संभाल रहे थे।
बीजेपी ने झारखंड में बदलाव किया है। पार्टी ने यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को कमान सौंपी है। झारखंड में झामुमो की अगुवाई वाला महागठबंधन सत्ता में हैं। अभी तक झारखंड में पार्टी संगठन की कमान दीपक प्रकाश के पास थी। मरांडी विधानसभा में नेता विपक्ष थे। ऐसे में संभावना है कि पार्टी नेता विपक्ष की जिम्मेदारी किसी और नेता को सौंपेगी।
पार्टी ने पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर आए पूर्व कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ को कमान सौंपी है। तो वहीं केंद्र में मंत्री जी किशन रेड्डी को तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है। अभी बी संजय कुमार तेलंगाना के अध्यक्ष थे।








