आकिल हुसैन, मधुबनी देशज टाइम्स। घोघरडीहा प्रखण्ड क्षेत्र से गुजरने वाली भूतही बलान नदी के दोनों तटबंधों के बीच अवस्थित कालीपुर-धनखोईर सहित आधे दर्जन गांवों के लोगों के आवागमन का एकमात्र साधन चचरी पुल पिछले वर्ष आई बाढ़ मे पूरी तरह से टूट गया। इसके कारण स्कूली बच्चे सहित दर्जन भर गांवों के लोगों को अपने गंतव्य स्थान तक जाने के लिए भुतही बलान नदी को पार करने के लिए ठेहुना भर पानी से होकर गुजरना मजबूरी बनी हुई है। भुतही बलान नदी के पश्चिमी तटबंध के पूरब में बसे कालीपुर,धनखोइर,मुजियासी व चेथरु मंडल टोल के लोगों को प्रखंड मुख्यालय आने-जाने का एकमात्र साधन यही चचरी पुल था।
इसके टूट जाने से जहां इन गांव के लोगों को प्रखंड मुख्यालय सहित अपने गंतव्य स्थान तक जाने के लिए नदी में ठेहुना भर पानी को पार करना पड़ता है। वहीं परसा उतरी व परसा दक्षिणी के लोगों को पचीस किलोमीटर घूमकर नरहिया-फुलपरास होकर या परसा-बसूआरी हटनी होते हुए प्रखंड मुख्यालय आना-जाना पड़ता है।
भुतही बलान नदी में उक्त चचरीपुल के स्थान पर पंचायत समिति सदस्य सह प्रखंड जदयू मीडिया सेल के संयोजक सुशील कामत की ओर से आरसीसी पुलिया निर्माण कराने की मांग के अनुरूप ईसी वर्ष 19 जनवरी को प्रखंड के गड़बा गांव में स्वतंत्रता सेनानी अनंतलाल कामत के मूर्ति अनावरण समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उक्त चचरी पुल के स्थान पर शीघ्र आरसीसी पुलिया व सड़क निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन छह माह बीतने के बावजूद पुल निर्माण की दिशा मे कोई पहल नही किए जाने से संबंधित गांव के लोगों में मायूसी है।








You must be logged in to post a comment.