Darbhanga Police Exam: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा 28 जून 2026 को बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के 993 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर सुरक्षा और निगरानी के सख्त निर्देश दिए हैं।
यह परीक्षा जिले के शहरी क्षेत्र में स्थित कुल 24 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक आयोजित होगी। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों और संबंधित अधिकारियों से इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।






कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए सुरक्षा का कड़ा पहरा
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, दरभंगा ने सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल तैनात रहेंगे, जो लगातार क्षेत्र भ्रमण और निगरानी करेंगे। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र, दरभंगा को निर्देश दिया गया है कि सभी प्रतिनियुक्त पुलिस बल परीक्षा तिथि को सुबह 09:00 बजे तक अपने संबंधित केंद्रों पर रिपोर्ट करें।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए, केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा चयनित एजेंसी प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा और जैमर स्थापित करेगी। परीक्षार्थियों की पहचान और परीक्षा की निगरानी के लिए बॉयोमेट्रिक सत्यापन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली का भी उपयोग किया जाएगा। सीसीटीवी और जैमर के सुचारू संचालन की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर दो-दो कार्यपालक सहायक या डाटा एंट्री ऑपरेटर भी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें सुबह 09:00 बजे तक केंद्र पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
प्रवेश के नियम सख्त: 11 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर सख्त नियम बनाए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके। सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार सुबह 10:00 बजे खोले जाएंगे, लेकिन 11:00 बजे बंद कर दिए जाएंगे। 11:00 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग जांच (Frisking) की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला शिक्षकों एवं महिला पुलिस द्वारा पृथक कक्ष में की जाएगी।
सभी केन्द्राधीक्षक और वीक्षकों को परीक्षा दिवस पर सुबह 08:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। केन्द्राधीक्षक 27 जून को वीक्षकों के साथ बैठक कर सभी आवश्यक दिशा-निर्देश साझा करेंगे। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो, ताकि सीसीटीवी, जैमर, बॉयोमेट्रिक और अन्य तकनीकी उपकरण बिना किसी बाधा के काम कर सकें।
फर्जीवाड़ा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई फर्जी परीक्षार्थी, या ब्लूटूथ अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से अपने केंद्र पर पहुंचें, निर्धारित निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह, अनुचित साधन या अवैध गतिविधि से दूर रहें। जिला प्रशासन इस परीक्षा को स्वच्छ, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कृत संकल्पित है।








