Bihar Encounter: बिहार के बहुचर्चित बिहार एनकाउंटर मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। मृतक भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने एक बड़ा बयान देते हुए ऐलान किया है कि परिवार अब न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।
सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा परिवार
चंदन तिवारी ने बताया कि उनका परिवार शुरुआत से ही इस संवेदनशील मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। उनके अनुसार, प्रकरण की निष्पक्ष पड़ताल के लिए किसी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय हासिल करने के लिए हर संवैधानिक और कानूनी विकल्प का इस्तेमाल किया जाएगा। परिवार भरत तिवारी के ब्रह्मभोज में 20 से 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए अपनी तरफ से तैयारी कर रहा है। कुछ लोगों ने इस आयोजन में सहयोग भी किया है।






दिल्ली के जंतर-मंतर तक प्रदर्शन की चेतावनी
चंदन तिवारी ने दृढ़ता से कहा, ‘जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, हमलोग हर दरवाजा खटखटाते रहेंगे।’ उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो परिवार दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाकर भी प्रदर्शन करेगा।
गौरतलब है कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर पहले से ही न्यायिक जांच की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन परिजन लगातार सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। चंदन तिवारी के इस बयान के बाद, इस पूरे मामले में कानूनी और सामाजिक स्तर पर नई हलचल तेज होने की उम्मीद है।








